- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- सीईटी परीक्षाओं की निविदाओं को लेकर...
Pune City News: सीईटी परीक्षाओं की निविदाओं को लेकर विवाद

भास्कर न्यूज, पुणे। राज्य सामाईक प्रवेश परीक्षा कक्ष (सीईटी सेल) द्वारा आयोजित विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं की निविदाओं को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। वरिष्ठ शिक्षण विशेषज्ञ धनंजय कुलकर्णी ने आरोप लगाया है कि पिछले कुछ वर्षों से परीक्षाओं से जुड़े ठेके एक ही उद्योग समूह की कुछ कंपनियों को दिए जा रहे हैं। वहीं, सीईटी सेल ने इन आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें तथ्यों से परे बताया है।
पत्रकार परिषद में कुलकर्णी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में सीईटी सेल ने परीक्षाओं और संबंधित कार्यों पर लगभग 699 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जो छात्रों से शुल्क के रूप में वसूले जाते हैं। उनके अनुसार, 2021 से 2025 के बीच निटकॉन, एज्युस्पार्क और स्किल ट्री जैसी कंपनियों को लगातार निविदाएं दी गईं, जबकि अन्य कंपनियों को सीमित अवसर मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि भारी खर्च के बावजूद हर वर्ष प्रवेश प्रक्रिया में देरी होती है और परीक्षाएं समय पर आयोजित नहीं होतीं। इससे नए शैक्षणिक सत्र का कैलेंडर प्रभावित होता है और छात्रों को नुकसान उठाना पड़ता है। कुलकर्णी का दावा है कि सीईटी सेल के अधिकारी और संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधि मिलकर निजी विश्वविद्यालयों के अनुकूल समय-सारणी तय करते हैं।
निविदा प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा को सीमित करने वाले मानदंड बनाए जाते हैं, जिससे एक ही समूह को बार-बार काम मिलता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री और उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री से की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
सीईटी सेल ने आरोपों को किया खारिज
विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए सीईटी सेल ने कहा कि सभी निविदाएं निर्धारित नियमों और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत जारी की गई हैं। चयनित कंपनियों को तय मानकों के आधार पर काम दिया गया है। सेल के अनुसार, निटकॉन एक सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है, जबकि एज्युस्पार्क और स्किल ट्री निजी कंपनियां हैं और सभी स्वतंत्र रूप से कार्य करती हैं। साथ ही, कुछ पाठ्यक्रमों की समय-सारणी राष्ट्रीय स्तर की नियामक संस्थाएं तय करती हैं, जिनके निर्देशों के अनुसार ही प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जाती है।
Created On :   4 April 2026 6:13 PM IST












