Pune City News: स्कूल बस खंभे से टकराई, 35 छात्र सुरक्षित

स्कूल बस खंभे से टकराई, 35 छात्र सुरक्षित
हडपसर बस हादसा: बच्चों को मामूली चोटें

भास्कर न्यूज, पुणे। हडपसर के कालेपड़ल इलाके में स्कूल बस सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में बस चालक समेत कई बच्चे घायल हुए, लेकिन सभी की चोटें मामूली रहीं। जानकारी के अनुसार, अमोल विनायक बोराटे, जो मालवाड़ी स्थित साधना शैक्षणिक संकुल के न्यू इंग्लिश स्कूल की बस चला रहे थे, फराटे चौक से म्हसोबा मंदिर की ओर जा रहे थे। बस में लगभग 35 छात्र सवार थे। इसी दौरान दाईं ओर से तेज गति से एक वाहन आया। रास्ता देने के प्रयास में चालक ने बस को बाई ओर मोड़ा, लेकिन अचानक नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे बिजली के खंभे से टकरा गई।

हादसे में चालक अमोल बोराटे भी घायल हुए। वहीं, बस में सवार छात्र आरोही कुंभार, अर्णव शेलार, संस्कार शितोले, प्रेम थडगे और प्राची पांडुरंग मुंडे को हल्की चोटें आई। इनमें से चार छात्रों को ओम मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही बीट मार्शल नंदकुमार राजेंद्र जावले मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। दुर्घटना में बस का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य किया। पुलिस ने बस चालक अमोल बोराटे (निवासी महादेव मंदिर, कालेबोराटेनगर, हडपसर) के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

Created On :   4 April 2026 3:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story