Pune City News: शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े युवक पर जानलेवा हमला

भास्कर न्यूज, पुणे। शिवाजीनगर जिला कोर्ट परिसर के बाहर बुधवार (25 नवंबर) को दिनदहाड़े चार हमलावरों ने हत्या के मामले में जमानत पर बाहर आए युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले पिस्तौल से गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद कोयते से युवक पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में युवक का एक हाथ कलाई से कटकर अलग हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल जब्त की हैं। प्राथमिक जांच में पुरानी दुश्मनी और हत्या का बदला लेने के लिए हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घायल युवक की पहचान मंदार मारुति किवले (निवासी कात्रज) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मंदार बुधवार को कोर्ट के काम से शिवाजीनगर आया था। दोपहर करीब 1:15 बजे वह कोर्ट के चेंबर नंबर 63 के बाहर खड़ा था। इसी दौरान चार हमलावरों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने दो पिस्तौल से उस पर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन दोनों से गोली नहीं निकली। इसके बाद हमलावरों ने कोयते से मंदार पर हमला कर दिया। हमले में उसका एक हाथ कलाई से कटकर अलग हो गया। खून से लथपथ मंदार जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई इस घटना से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वकीलों, पक्षकारों और नागरिकों में दहशत फैल गई। वारदात के बाद चारों आरोपी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल मंदार को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक जांच में स्पष्ट हुआ कि उसे गोली नहीं लगी है। फिलहाल उसका आईसीयू में उपचार जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर दोनों पिस्तौल जब्त कर ली हैं।
पुणे शहर अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त गौहर हसन ने बताया कि हमला करने वाले संदिग्ध आरोपियों की पहचान हो गई है। उनकी तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
चार दिन पहले ही हत्या के मामले में मिली थी जमानत
20 अप्रैल 2025 को कात्रज के संतोषनगर परिसर में भोजनालय संचालक शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या कर दी गई थी। जमीन और पैसों के विवाद में शुभम का पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज अपराधी अमर दिलीप साकोरे से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने लकड़ी के बांस, क्रिकेट के स्टंप और पत्थरों से शुभम की बेरहमी से पिटाई की थी, जिसमें उसकी मौत हो गई थी।
इस मामले में अमोल चव्हाण की शिकायत पर आंबेगांव पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर सोलापुर से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें मुख्य आरोपी अमर दिलीप साकोरे के साथ मंदार मारुति किवले, गिरीष सुभाष वावरे और योगेश बाबुराव डोरे शामिल थे। इसी मामले में मंदार जेल में बंद था। चार दिन पहले ही उसे जमानत मिली थी। पुलिस को आशंका है कि शुभम चव्हाण की हत्या का बदला लेने के लिए मंदार पर हमला किया गया। हालांकि, हमले की असली वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
शिवाजीनगर जिला कोर्ट में रोजाना बड़ी संख्या में वकील, पक्षकार और नागरिक आते हैं। परिसर में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद हमलावर पिस्तौल और कोयते लेकर पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इससे कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। हथियार लेकर हमलावर परिसर तक कैसे पहुंचे, इसकी भी जांच की जरूरत महसूस की जा रही है।
शिवाजीनगर कोर्ट परिसर में इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है। करीब 42 साल पहले, 17 जुलाई 1984 को मालवदकर गिरोह ने कोर्ट परिसर में बालू आंदेकर की हत्या कर दी थी। अब एक बार फिर पुरानी दुश्मनी के चलते कोर्ट परिसर में जानलेवा हमला होने से वकीलों और नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा चर्चा में आ गया है।
Created On :  
