Pune City News: तेज रफ्तार टेंपो ने बस स्टॉप पर खड़े छात्रों को कुचला, तीन की मौत; दो गंभीर घायल

भास्कर न्यूज, पुणे। येवलेवाडी-बोपदेव घाट मार्ग पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार टेंपो ने बस स्टॉप पर खड़े पांच छात्रों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में ट्रिनिटी कॉलेज के तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान विशाल दांगडे, मोहिनी चौधरी और सिद्धेश राजे के रूप में हुई है। हादसे में घायल श्वेता तलेकर और सोहम घंगाले का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे टेंपो बोपदेव घाट की ओर से येवलेवाडी की तरफ जा रहा था। उस समय बस स्टॉप के पास करीब 20 से 25 छात्र बस का इंतजार कर रहे थे। बस स्टॉप से लगभग 50 मीटर पहले वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई थी। इसी दौरान टेंपो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।
पहले कार को मारी टक्कर, फिर छात्रों को रौंदा
अनियंत्रित टेंपो ने सबसे पहले आगे चल रही एक कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद टेंपो सीधे बस स्टॉप की ओर बढ़ गया और वहां खड़े पांच छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया। विशाल दांगडे और मोहिनी चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल सिद्धेश राजे को ससून अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल श्वेता तलेकर और सोहम घंगाले का भारती अस्पताल, रूबी हॉल क्लिनिक और इनामदार अस्पताल में उपचार जारी है।
टेंपो चालक हिरासत में, पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही कोंढवा बुद्रुक-येवलेवाडी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने टेंपो चालक को हिरासत में ले लिया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मारुति पाटील ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। फिलहाल इलाके में स्थिति शांत है।
Created On :  
