Pune City News: पुणे एयरपोर्ट पर अब 15 मिनट से ज्यादा रुके तो लगेगा 500 रुपए जुर्माना

पुणे एयरपोर्ट पर अब 15 मिनट से ज्यादा रुके तो लगेगा 500 रुपए जुर्माना
  • 1 दिसंबर से लागू होगा नया नियम; एएनपीआर कैमरों से होगी निगरानी
  • 30 नवंबर तक वाहन चालकों को मिलेगी छूट

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे एयरपोर्ट पर यात्रियों को लेने और छोड़ने के लिए आने वाले वाहन चालकों को अब निर्धारित समय सीमा का पालन करना होगा। एयरपोर्ट के पिकअप और ड्रॉप-ऑफ लेन में वाहन अधिकतम 15 मिनट तक ही रुक सकेंगे। इससे अधिक समय तक रुकने पर वाहन चालक को 500 रुपए जुर्माना देना होगा। यह नियम 1 दिसंबर से लागू होगा। फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन ने इसे ट्रायल के तौर पर शुरू किया है। 30 नवंबर तक नियम तोड़ने पर कोई जुर्माना नहीं लगाया जाएगा।

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, कई वाहन चालक यात्रियों को लेने या छोड़ने के बाद भी पिकअप-ड्रॉप लेन में लंबे समय तक रुके रहते हैं। कुछ लोग यहां वाहन खड़ा कर यात्रियों का इंतजार भी करते हैं। इससे एयरपोर्ट परिसर में ट्रैफिक जाम होता है और अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। कई बार वाहन चालकों और ट्रैफिक प्रबंधन कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति भी बनती है। इसी समस्या को दूर करने के लिए 15 मिनट की समय सीमा निर्धारित की गई है।

कैमरों से होगी वाहनों की निगरानी

नए नियम के तहत एयरपोर्ट पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) सिस्टम के जरिए वाहनों की निगरानी की जाएगी। प्रवेश और निकास द्वार पर लगे कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट और तस्वीर रिकॉर्ड करेंगे। इसके आधार पर सिस्टम वाहन के रुकने की अवधि की गणना करेगा। निर्धारित समय से अधिक रुकने वाले वाहनों की पहचान कर 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।

यह जुर्माना एयरपोर्ट रेगुलेशन 2003 के प्रावधानों के अनुसार वसूला जाएगा। इसके लिए डिजिटल भुगतान की सुविधा होगी। वाहन चालक फास्टैग या क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान कर सकेंगे। निकास द्वार पर जाम न लगे, इसके लिए पिकअप-ड्रॉप क्षेत्र में ही भुगतान की व्यवस्था की जाएगी।

ज्यादा इंतजार के लिए पार्किंग का करें उपयोग

एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से अधिक समय तक इंतजार करने के लिए मल्टी लेवल कार पार्क (एमएलसीपी) या एयरो मॉल की पार्किंग का उपयोग करने की अपील की है। यहां से एयरपोर्ट टर्मिनल तक यात्रियों के लिए नि:शुल्क शटल बस सेवा उपलब्ध है।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने इस पहल का समर्थन करते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा और एयरपोर्ट तक सुगम पहुंच सरकार की प्राथमिकता है। 15 मिनट की समय सीमा से ट्रैफिक जाम कम होगा और वाहनों की आवाजाही सुचारु बनेगी। उन्होंने यात्रियों और वाहन चालकों से नियम का पालन करने की अपील की।

Created On :  

Tags

Next Story