- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- हाथ नहीं लगाना, मैं पुलिस अधिकारी...
Pune City News: हाथ नहीं लगाना, मैं पुलिस अधिकारी का बेटा हूं

- कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद नशे में धुत युवक की सीनाजोरी
- नशे में धुत आरोपी जोर-जोर से चिल्लाने लगा
भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे में सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। आए दिन सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है। शनिवार देर रात शहर के मध्य क्षेत्र नारायण पेठ में भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पार्क किए गए कई वाहनों को टक्कर मारी। इस हादसे में एक दिव्यांग घायल हो गया। जब लोगों ने कार रोक कर चालक को नीचे उतारा तो नशे में धुत कार चालक युवक ने माफी मांगना तो दूर उलटे लोगों को धमकी देना शुरू कर दिया। युवक ने कहा कि, उसके पिता पुलिस अधिकारी है, मुझे किसी ने हाथ भी लगाया तो ठीक नहीं होगा। इसे कहते हैं एक तो चोरी ऊपर से सीनाजोरी। घटना की जानकारी मिलते ही विश्रामबाग पुलिस ने घटनास्थल पहुंच कर युवक को अपनी सुरक्षा में ले लिया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अरुण घोड़के ने बताया कि, इस मामले में किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
- नशे में धुत आरोपी जोर-जोर से चिल्लाने लगा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में कुल चार लोग सवार थे। दो युवक और दो युवतियां। सभी ने शराब पी रखी थी। देर रात अचानक इस कार ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मारना शुरू किया। इस हादसे में एक अपंग व्यक्ति को चोटें आई हैं। जब लोगों ने कार चला रहे युवक को कार से उतारा तो युवक अपने पिता के पुलिस अधिकारी होने की धमकी देते हुए लोगों से उलझ गया। घटना की जानकारी मिलते ही विश्रामबाग पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले को शांत कराया। युवक ने भी लोगों पर बदसलूकी का आरोप लगाया। हालांकि मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक घोड़के बताया कि, युवक ने खुद को बचाने के लिए अपने पिता के पुलिस अधिकारी होने की बात कही थी, जबकि वह एक आम युवक था। लोगों ने कहा कि इस हादसे ने पोर्शे कार दुर्घटना की यादें ताजा कर दी।
Created On :   24 Nov 2025 2:04 PM IST












