Pune News: जिले की एक लाख एकल महिलाओं को जल्द मिलेंगी सभी सरकारी सुविधाएं

जिले की एक लाख एकल महिलाओं को जल्द मिलेंगी सभी सरकारी सुविधाएं
राज्यभर में मेरा अस्तित्व योजना लागू करने की तैयारी

भास्कर न्यूज, पुणे। जिला परिषद क्षेत्र में मेरा अस्तित्व' योजना को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया जा रहा है। राज्य में अपनी तरह की पहली योजना के तहत एकल महिलाओं को मौजूदा सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा। पुणे जिला परिषद के महिला एवं बाल कल्याण विभाग द्वारा किए गए सर्वेक्षण से पता चला है कि जिले में लगभग एक लाख नौ हजार एकल महिलाएं हैं। अब उन सभी को सरकारी योजना का लाभ दिया जाएगा जिनमें स्वास्थ्य जांच, उचित आश्रय, कृषि आधारित या पूरक व्यवसाय और बच्चों की शिक्षा में वित्तीय मदद दी जाएगी।

जिले की 28761 महिलाओं को स्वास्थ्य जांच और उपचार की आवश्यकता है। योजना के तहत जिले की एकल महिलाओं का सर्वेक्षण और समस्याओं का निदान किया गया है। हाल ही में मुंबई में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला परिषद के सीईओ गजानन पाटिल द्वारा राज्य स्तर पर योजना शुरू करने को लेकर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया गया।

पुणे जिले की एकल महिलाओं को 7/12 उतारा में नाम दर्ज कराने, मकान के पट्टे और घरकुल योजना के दस्तावेजों में नाम शामिल कराने और उन्हें राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड जैसे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में मदद के लिए जिले के विभिन्न हिस्सों में विशेष शिविर आयोजित किए गए हैं।

खेड़ में सबसे ज्यादा एकल महिलाएं

खेड़ तहसील में सबसे ज्यादा 11833 और आंबेगांव तहसील में 11,825 एकल महिलाएं हैं। सर्वेक्षण में बताया गया है कि इंदापुर में 9,984, बारामती में 9,756, दौंड में 9,249 और पुरंदर में 8,889 एकल महिलाएं हैं।

सर्वेक्षण में यह भी पता चला

28761 एकल महिलाओं को स्वास्थ्य जांच और मुफ्त इलाज की जरूरत है।

22000 महिलाओं को उचित आश्रय की आवश्यकता है।

11904 महिलाओं को कृषि आधारित या पूरक व्यवसाय शुरू करने के लिए सहायता चाहिए।

5927 महिलाओं को बच्चों की शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता की जरूरत है।

Created On :   6 Nov 2025 3:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story