- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- डेटिंग एप पर दो बार ठगी का शिकार...
Pune City News: डेटिंग एप पर दो बार ठगी का शिकार हुई महिला

भास्कर न्यूज, पुणे। डेटिंग एप पर दोस्ती के नाम पर एक महिला दो बार ठगी का शिकार हो गई। दोस्ती के नाम पर पहले साइबर ठग ने यूरो जब्त होने का बहाना बनाया और ठगी की। फिर उसी महिला को एप पर एक और ठग मिला, जिसने गिफ्ट भेजने का झांसा देकर लाखों रुपए ऐंठ लिए।
पीड़िता का नाम रविवार पेठ निवासी सोना शाह (42) हैं और उन्होंने दोनों ठगी की शिकायत फरासखाना पुलिस थाने में दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार महिला ने 1 अगस्त को बंपी इंटरनेशनल डेटिंग एप डाउनलोड किया और उस पर प्रोफाइल बनाया। अगले ही दिन उसकी दोस्ती एक व्यक्ति से हुई जिसने खुद को रोहन पटेल बताया और कहा कि वह नीदरलैंड में रहता है। दोनों के बीच वॉट्सएप पर बातचीत शुरू हुई। शिकायत के अनुसार 1 अगस्त-25 को मोबाइल फोन पर बंबी इंटरनेशनल डेटिंग एप डाउनलोड किया था। उसी पर उनकी पहचान रोहन पटेल नाम के व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को नीदरलैंड का निवासी बताया। उसने कहा कि वह भारत आया हुआ है। एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने उसे रोक रखा है, उसके पास 1200 यूरो हैं, जो जब्त कर लिए गए हैं। कस्टम विभाग ने उसे जुर्माने के रूप में 85,800 रुपए जमा करने को कहा है। ठग के झांसे में आकर महिला ने आरोपी के बैंक अकाउंट में रकम ट्रांसफर कर दी।
दूसरे ठग को भेजे 2.77 लाख रुपए
कुछ दिन बाद उसी एप पर महिला की पहचान लियो नाम के व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को लंदन का रहने वाला और जहाज का कैप्टन बताया। उसने कहा कि वह महिला को अंगूठी, कपड़े, जूते और नकद राशि गिफ्ट में भेज रहा है। महिला को झांसा दिया कि पार्सल एयरपोर्ट पर पहुंच गया है, जिसे छुड़ाने के लिए 42,500 रुपए पेनल्टी के रूप में भरना होंगे। महिला ने उसके बताए अनुसार रकम ट्रांसफर की। ठग ने और डेढ़ लाख रुपए की मांग इंश्योरेंस फीस के नाम पर की। इस तरह महिला ने कुल 2.77 लाख रुपए ट्रांसफर किए। जब महिला ने रोहन पटेल से पैसे वापस करने और मिलने की बात की तो उसने उसे ब्लॉक कर दिया। वहीं लियो से गिफ्ट नहीं मिलने पर पूछने पर उसने कहा कि इंश्योरेंस शुल्क देना होगा, तभी गिफ्ट मिलेगा। महिला ने इंकार किया तो उसने भी उसे ब्लॉक कर दिया। महिला को समझ आया कि दोनों ने उसके साथ ठगी की है। आखिरकार पीड़िता ने पुलिस को शिकायत की। थाना निरीक्षक उत्तम नामवड़े मामले की जांच कर रहे हैं।
Created On :   6 Nov 2025 4:27 PM IST












