- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- येरवड़ा जेल में ‘रेडियो परवाज’ की...
Pune City News: येरवड़ा जेल में ‘रेडियो परवाज’ की शुरुआत

भास्कर न्यूज, पुणे। येरवड़ा महिला कारागृह में महिला बंदियों के पुनर्वसन और मानसिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से महत्वपूर्ण शुरुआत की गई है। दिल्ली स्थित इंडिया विजन फाउंडेशन और एस.एल.बी. के संयुक्त प्रयासों से जेल परिसर में ‘रेडियो परवाज’ कक्ष का शुभारंभ किया गया। विशेष रेडियो रूम का उद्घाटन पांडिचेरी की पूर्व राज्यपाल और सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने किया।
2014 से जेल में पुरुष बंदियों के लिए पहले से यह सुविधा उपलब्ध है। अफसरों का कहना है कि कारागृह विभाग के 'सुधार और पुनर्वसन' वाक्य के आधार पर बंदियों को चार दीवारों के भीतर भी सकारात्मक दिशा, जीवन जागरूकता और आत्मविश्वास देने के लिए कई सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम करवाए जाते हैं। ‘रेडियो परवाज’ इसी मिशन को मजबूती देगा। रेडियो पर महिला बंदियों के लिए मोटिवेशनल स्पीच, योग और मेडिटेशन सेशन, आध्यात्मिक व मनोरंजक गीत, पंचतंत्र की कहानियां, महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम, स्वतंत्रता सेनानियों की कहानियां और कानूनी जागरूकता संबंधी कार्यक्रम प्रसारित किए जाएंगे।
महिला बंदियों का तनाव कम होगा
इससे महिला बंदियों की निराशा कम करने, मानसिक तनाव घटाने, सकारात्मक और सार्थक दिशा में उन्हें आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। ‘रेडियो परवाज’ योजना के सफल समन्वय में येरवड़ा मध्यवर्ती कारागृह के अधीक्षक सुनील एन. ढमाल, अति. अधीक्षक पी.पी. कदम, माया धुतुरे, निर्मला बांदल और शिक्षिका त्रृताक्षी गवली का अहम योगदान रहा। उद्घाटन कार्यक्रम में इंडिया विजन फाउंडेशन के डॉ. सुधाकर शेट्टी, गोविंद सिंह, मोनिका धवन, साइना भरूचा, हिना कुरैशी सहित प्रतिनिधि उपस्थित थे। एस.एल.बी. संस्था की ओर से श्री अबुजर, अमित यादव, जयेश प्रजापति, धीरज गुप्ता, वैभवी मनुकर, हर्षदा मोडक और रिया खंडूरी भी आयोजन में शामिल हुए।
Created On :   6 Nov 2025 5:15 PM IST












