- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- महिला सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस...
Pune News: महिला सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस ने मोदी सरकार काे घेरा, आरोपी पर इनाम, फोटो भी जारी

- आरोपी फरार, 23 सुरक्षाकर्मी निलंबित शिवसेना (उद्धव) ने तोड़ा ऑफिस
- मौका देखकर किया रेप
- घटना के समय पहने जूते बरामद
New Delhi News. कांग्रेस पुणे में सरकारी बस के अंदर महिला से बलात्कार की घटना को लेकर महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घेराबंदी में जुट गई है। प्रमुख विपक्षी दल ने गुरुवार को भाजपा और मोदी सरकार पर महिलाओं को सुरक्षा देने में नाकाम ठहराया है। कांग्रेस का आरोप है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को सुरक्षा देने के खोखले वादे करते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि भाजपा शासन में महिलाओं के साथ उत्पीड़न के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और सत्तारूढ़ दल महिलाओं के साथ हो रहे अपराध रोकने में विफल हो रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता डॉ अजय कुमार ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि महाराष्ट्र के पुणे में सरकारी बस के अंदर महिला से बलात्कार की घिनौनी वारदात हुई है, लेकिन अपराधी को पुलिस पकड़ नहीं पा रही है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने भाजपा सरकार में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। आरोपी घटना के दो दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि एक तरफ नरेंद्र मोदी और भाजपा महिला सुरक्षा के मुद्दे पर बड़े-बड़े दावे करती है। वहीं, दूसरी तरफ भाजपा सरकार महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है।
पुणे पुलिस ने आरोपी की पहचान जारी की
मध्य क्षेत्र में स्थित स्वारगेट बस स्टैंड पर शर्मनाक वारदात को अंजाम देने वाले मामले में महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने पुणे के स्वर्गेट बस डिपो के सहायक परिवहन अधीक्षक और बस डिपो प्रबंधक के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने आरोपी की पहचान जारी कर दी है। आरोपी का नाम दत्तात्रेय रामदास गाडे है, जिसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को 1 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। पुलिस ने आरोपी की फोटो भी जारी की है। आरोपी ने बीते दिन बस में 26 वर्षीय महिला के साथ बलात्कार किया था।
विपक्ष के हमले के बाद अब फडणवीस सरकार भी एक्शन मोड में है।
26 वर्षीय महिला जब सुबह 5.30 बजे अपने गांव जाने के लिए बस स्टैंड पर पहुंची, तो वहां खड़े एक व्यक्ति ने पहले ताई बोलकर उसका विश्वास जीता, बाद में गलत शिवशाही बस में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी की पहचान दत्तात्रय गाडे के रूप में हुई है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस ने उसके भाई को पकड़ा है, जिससे आरोपी की जानकारी ली जा रही है। जहां दुष्कर्म हुआ उसी के समीप सुरक्षा चौकी थी, लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था। इस घटना के बाद राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने 23 सुरक्षाकर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही डिपो प्रमुख व डिपो प्रबंधक के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। उधर, शिवसेना (उद्धव) के कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा चौकी में जाकर तोड़फोड़ की है।
फलटण बस की राह देख रही थी महिला : सुबह जब महिला स्वारगेट स्टैंड पर पहुंची तो वहां अंधेरा था। वह फलटण जा रही थी, जहां उसके माता-पिता निवास करते हैं। पहले तो महिला स्टैंड पर एक अन्य महिला के साथ बैठी थी। आरोपी दत्तात्रय ने पहले उसके साथ बैठी महिला से बात की, जो संभवत: दत्तात्रय की बदमाशी को समझ गई। वह मौके से उठकर चली गई। इसके बाद दत्तात्रय ने पीड़िता से बात करनी शुरू की। उसने पीड़िता से पूछा कि वह कहां जा रही है। जब पीड़िता ने फलटण जाने की बात कही तो आरोपी कहने लगा यह बस उधर खड़ी है। महिला उस बस के करीब पहुंची तो वहां अंधेरा था। आरोपी ने महिला से झूठ बोला और उसे बस के अंदर जाने के लिए कहा। जैसे ही महिला बस के अंदर गई आरोपी ने उसका मुंह दबाकर धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी।
दोस्त के कहने पर दर्ज कराई शिकायत
आरोपी जब मौके से चला गया तो महिला भी बस से उतरकर फलटण की बस में बैठ गई। बस जब कुछ दूरी पर पहुंची, तो उसने अपने एक दोस्त को फोन किया और घटना की जानकारी दी। दोस्त ने महिला को समझाया कि वह इस घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दे। महिला स्वारगेट पुलिस स्टेशन गई और उसने घटना की जानकारी दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें आरोपी महिलाओं के आसपास घूमते हुए दिखाई दे रहा है। उसने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। वह जींस और सफेद शर्ट पहने हुए था। आरोपी ने घटना के बाद ही अपना मोबाइल बंद कर दिया।
घटना के समय पहने जूते बरामद
पुलिस ने आरोपी की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। उसके खिलाफ पुणे ग्रामीण पुलिस में गंभीर मामले दर्ज हैं। वह शिरूर का रहने वाला है। पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली। आरोपी वहां नहीं मिला। घटना के दौरान आरोपी ने जो जूते पहने थे, पुलिस ने वह जूते घर से जब्त किए हैं। आरोपी के परिवार में पत्नी, दो बच्चे और माता-पिता व छोटा भाई है।
Created On :   27 Feb 2025 5:31 PM IST













