राजनीति: सोलापुर से प्रणीति शिंदे की बजाय सुशील कुमार शिंदे को चुनाव मैदान में देखना चाहते हैं स्थानीय नेता

सोलापुर से प्रणीति शिंदे की बजाय सुशील कुमार शिंदे को चुनाव मैदान में देखना चाहते हैं स्थानीय नेता
  • सोलापुर लोकसभा सीट को लेकर बोले कांग्रेसी
  • सुशील कुमार शिंदे रहे हैं सभी के चहेते
  • उम्र होने के बावजूद रखते हैं दम-खम

सोमदत्त शर्मा, लोनावला। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे उम्र के इस पड़ाव में भी राजनीति में इतने सक्रिय हैं कि सोलापुर के कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं चाहते हैं कि उनकी जगह कोई दूसरा उम्मीदवार आगामी लोकसभा चुनाव लड़े। लोनावला में प्रदेश कांग्रेस के चिंतन शिविर में शामिल होने पहुंचे सोलापुर जिले के कई कांग्रेसी नेताओं से "दैनिक भास्कर' ने बात की। नाम नहीं छापने की शर्त पर सोलापुर के इन कांग्रेस नेताओं ने बताया कि भले ही सुशील कुमार शिंदे सोलापुर में अगला लोकसभा चुनाव अपनी जगह अपनी विधायक बेटी प्रणीति शिंदे को लड़ाना चाहते हैं, लेकिन इस मामले में जिले की जनता का प्रणीति को समर्थन नहीं है।

पिछले वर्ष सुशील कुमार शिंदे ने बयान दिया था कि उनकी उम्र हो चुकी है। इसलिए वह चुनावी राजनीति से हटना चाहते हैं और अगला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहते। उस समय शिंदे ने यह भी कहा था कि सोलापुर में उनकी बेटी प्रणीति लोकसभा की उम्मीदवार हो सकती हैं। शिंदे के इस बयान से सोलापुर के कांग्रेसी सहमत नहीं हैं। लोनावाला में शुक्रवार से शुरू हुए पार्टी के चिंतन शिविर में सोलापुर से आए वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का मानना है कि उम्र के इस पड़ाव में भी कांग्रेस कार्यकर्ता प्रणीति शिंदे की जगह सुशील कुमार शिंदे को ही आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार के रुप में देखना चाहते हैं। इन कार्यकर्ताओं का कहना है कि भले ही शिंदे की उम्र हो गई है लेकिन वह आज भी उतने ही असरदार हैं जितने पहले थे।

इन नेताओं का कहना था कि सुशील कुमार शिंदे जमीन से जुड़े हुए नेता हैं। लेकिन ऐसा उनकी विधायत बेटी प्रणीति के मामले में नहीं देखने को मिलता। प्रणीति आम कार्यकर्ताओं से जल्दी घुल मिल नहीं पाती हैं। यही कारण है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता उनसे नाराज हैं। हालांकि महाविकास आघाडी में सीटों के बंटवारे को लेकर अभी तक चर्चा नहीं हुई है लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि सोलापुर की लोकसभा सीट कांग्रेस की खाते में ही आएगी। सुशील कुमार शिंदे पहली बार 1998 में इस सीट से चुनाव जीते थे।

सोलापुर लोकसभा क्षेत्रः एक नजर में

वर्ष जीते हारे

2019 जय सिद्धेश्वर स्वामी (भाजपा) सुशील कुमार शिंदे (कांग्रेस)

(5,24,985) (3,66,377)

2014 शरद बनसोडे (भाजपा) सुशील कुमार शिंदे (कांग्रेस)

(5,17,879) (3,68,205)

2009 सुशील कुमार शिंदे (कांग्रेस) शरद बनसोडे (भाजपा)

(3,87,591) (2,87,959)

Created On :   17 Feb 2024 1:40 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story