- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- शहर के 25 प्रतिशत हिस्सों से मनपा...
Pune City News: शहर के 25 प्रतिशत हिस्सों से मनपा नहीं उठता कचरा

- मनपा आयुक्त ने स्वीकारा, कहा- मनपा चुनाव से पहले शुरू करेंगे सिस्टम
- जहां संकलन हो रहा है, वहां भी कमी
भास्कर न्यूज, पुणे। शहर के 25 प्रतिशत हिस्सों में कचरा संकलन की कोई व्यवस्थित व्यवस्था नहीं है। वहां से मनपा द्वारा कचरा नहीं लिया जाता। मजबूरन लोग कचरा यहां-वहां फेंकते हैं। शहर की सफाई व्यवस्था की इस बड़ी कमी को मनपा आयुक्त नवलकिशोर राम ने स्वीकारा है, साथ ही दावा भी किया है कि मनपा चुनाव से पहले बचे हिस्सों में कचरा इकट्ठा करने का सिस्टम शुरू किया जाएगा।
प्रशासन दावा करता है कि मनपा और स्वच्छ संस्था के कर्मचारियों द्वारा शहर की 40 लाख जनसंख्या का कचरा लिया जाता है। मनपा सीमा में लगभग 18 लाख संपत्तियां होने का अनुमान हैं। यदि शहर के 25 प्रतिशत क्षेत्र से कचरा नहीं लिया जा रहा है, तो इस हिसाब से लगभग चार से साढ़े चार लाख घरों-प्रतिष्ठानों तक मनपा की पहुंच नहीं है। आधिकारिक सूत्र बताते हैं कि जिन इलाकों से मनपा कचरा नहीं ले रही है, उनमें मुख्य रूप से मनपा क्षेत्र में शामिल 32 गांवों का इलाका है।
जहां संकलन हो रहा है, वहां भी कमी
कचरा संकलन का काम स्वच्छ संस्था के 3700 कर्मचारी करते हैं। अलग-अलग बस्तियों और सोसाइटियों से इकट्ठा किया गया कचरा फीडर पॉइंट पर लाया जाता है। वहां उसे गाड़ियों में लोड किया जाता है। शहर में इसके लिए कई फीडर पॉइंट हैं। गाड़ियों में कचरा डालने के बाद वहां पूरी तरह सफाई जरूरी है, लेकिन फीडर पॉइंट कूड़े के ढेर बन गए हैं। कई फीडर पॉइंट पर दिनभर कचरा पड़ा रहता है।
न लोग सुधर रहे, न सफाई कर्मचारी
कई नागरिक सड़क किनारे बड़ी मात्रा में कचरा फेंकते हैं। सफाई कर्मचारी भी ठीक से काम नहीं करते हैं। मामला सामने आने के बाद मनपा आयुक्त ने फीडर पॉइंट बंद करने का फैसला किया है। तय किया गया है कि कचरा इकट्ठा करके सीधे प्रोसेसिंग सेंटर भेजा जाएगा। इसके लिए नया सिस्टम बनाया जाएगा और मैकेनिकल तरीका अपनाया जाएगा। इसकी शुरुआत जोन-एक से हो गई है। जोन-एक के ढोले पाटिल रोड, येरवड़ा-धोनोरी-कलस और नगर रोड आदि तीन क्षेत्रीय कार्यालयों में फीडर पॉइंट बंद कर सीधे यांत्रिकी तरीके से कचरा संकलन किया जा रहा है। सिस्टम बेहतर बनाने के लिए आयुक्त ने गाड़ियों से घर-घर कचरा इकट्ठा करने का मॉडर्न सिस्टम बनाने, स्मार्ट कलेक्शन सेंटर बनाने और वेस्ट टू एनर्जी प्रोजेक्ट का काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
Created On :   21 Nov 2025 3:59 PM IST












