Rewa news: अवैध रूप से काटे जा रहे पीपल व फलदार वृक्ष

डिजिटल न्यूज़ रीवा
प्राचीन धरोहरों और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए विभिन्न जिलों में कार्यरत संस्था 'ग्रीन एनवायरनमेंट सोसाइटी' की 10 वर्षों की मेहनत पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पानी फेर दिया है। बताया गया है कि शहर के चोरहटा वार्ड क्रमांक 4 स्थित श्री मडफ़ेश्वर महादेव कुंदन कुंवर सरोवर परिसर में वर्ष 2016 से संस्था के सदस्यों द्वारा लगाए गए 108 पीपल और फलदार वृक्षों को अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा बेरहमी से जड़ से काट दिया गया है। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि इस ऐतिहासिक सरोवर और क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए 2016 से लगातार पौधरोपण किया जा रहा था। इन पौधों को जीवित रखने के लिए सदस्यों ने न केवल सरोवर से पानी लाकर सींचा, बल्कि अपने संसाधनों से यहां बोरिंग भी करवाई और पेड़ों की सुरक्षा के लिए लोहे की जालियां लगाई थीं।
इससे पूर्व भी कई बार कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पेड़ों को नुकसान पहुँचाया गया, लेकिन इस बार बहुत बड़ी तादाद में पीपल के पेड़ों की जालियां उखाड़कर उन्हें जड़ से काट दिया गया है। ग्रीन एनवायरनमेंट सोसाइटी ने रीवा जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस विभाग और वन विभाग से मांग की है कि इस ऐतिहासिक क्षेत्र और हरियाली को उजाड़ने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही संस्था ने पर्यावरण प्रेमियों से भी अपील की गई है कि वे इस प्राचीन धरोहर और सरोवर क्षेत्र को उजड़ने से बचाने के लिए अपनी आवाज़ बुलंद करें।
Created On :  
