Satna news: पीडियाट्रिक आईसीयू के २ एसी फेल

पीडियाट्रिक आईसीयू के २ एसी फेल
उमस भरी गर्मी से जूझ रहे गंभीर बच्चे

डिजिटल न्यूज़ सतना

जिला अस्पताल के पीडियाट्रिक आईसीयू (पीकू) में २ कैसेट एसी खराब होने से गंभीर रूप से भर्ती बच्चे उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। बीमार बच्चों को राहत देने के लिए परिजन हाथ वाले पंखों से हवा करने को मजबूर हैं। सूत्रों के मुताबिक पीडियाट्रिक आईसीयू में कुल ४ कैसेट एसी लगाए गए हैं, लेकिन इनमें से महज २ ही चालू हालत में हैं। एसी खराब होने की वजह से वार्ड में गंभीर मरीजों के लिए अनुकूल वातावरण बनाए रखना चुनौती बन गया है। पीडियाट्रिक आईसीयू की क्षमता 12 बेड की है, लेकिन मौजूदा समय में यहां 18 बच्चों का उपचार चल रहा है। क्षमता से अधिक मरीज भर्ती होने के कारण वार्ड में पहले से ही दबाव बना हुआ है, ऐसे में ४ में से २ एसी बंद होने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है।

कोविड काल में बना था सेटअप

बताया गया है कि कोरोना वायरस के संक्रमण के दौरान बच्चों के बेहतर इलाज की व्यवस्था के उद्देश्य से जिला अस्पताल में सामान्य पेशेन्टों की तर्ज पर पीडियाट्रिक आईसीयू का निर्माण कराया गया था। उसी समय वार्ड में ४ कैसेट एसी भी लगाए गए थे। सूत्रों ने बताया कि अभी कुछ दिन पहले भी एसी में खराबी आई थी जिसके बाद सुधार कराया गया था। अब दोबारा खराबी आई है। वार्ड में डॉक्टरों के राउंड के वक्त परिजन लगातार शिकायत भी कर रहे हैं।

इनका कहना है।

पीकू में ४ कैसेट एसी लगे हैं, जिनमें से अभी दो ही काम कर रहे हैं। एसी रिपेयर कराने के लिए शिकायत दर्ज करा दी गई है। हालांकि मौसम ठंडा होने और अन्य फैन चलने से अभी उतनी समस्या नहीं हो रही।

डॉ संजीव प्रजापति, इंचार्ज पीकू

-

Created On :   22 July 2026 1:30 PM IST

Tags

Next Story