सतना न्यूज: साइबर फ्रॉड

साइबर फ्रॉड
अब राजस्थान पुलिस के हत्थे चढ़ा एमबीए डिग्रीधारी कियोस्क संचालक के साथ मिलकर मैहर में चला रहा था साइबर फ्रॉड का रैकेट

डिजिटल डेस्क सतना। राजस्थान के बारॉ जिला अंतर्गत ग्राम अवाई निवासी द्रोपदी बाई से जुड़े लगभग 19 लाख के ऑनलाइन फ्रॉड में मैहर जिले का नाम लगातार जुड़ रहा है। पहले कियोस्क संचालक और एक ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया, तो उनकी निशानदेही पर एमबीए पास आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो अभी इस प्रकरण में कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

क्या है मामला ---

पुलिस के मुताबिक द्रोपदी बाई और उनके पति रमेशचंद्र धाकड़ की जमीन डूब क्षेत्र में आने पर कुछ साल पहले शासन की तरफ से मुआवजे के तौर पर 18 लाख रुपए प्रदान किए गए थे। उक्त राशि से उन्होंने 10 और 8 लाख की दो एफडी प्राइवेट बैंक में कराई थी, लेकिन जब 19 जून 2025 को महिला ने बैंक में संपर्क किया तो दोनों खातों से 19 लाख रुपए गायब होने की बात पता चली। इस दौरान उनके फोन पर न तो किसी प्रकार की ओटीपी आई और न ही किसी ने फोन किया था। इस बात से हैरत में पड़ी महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर कायमी कर पुलिस जांच में जुट गई। लगभग 13 महीने तक चली खोजबीन के बाद राजस्थान पुलिस ने 16 जुलाई को मैहर में दबिश देकर डेल्हा निवासी ड्राइवर राजन साकेत के साथ कियोस्क संचालक और मैकेनिकल इंजीनियर श्रीकांत लखेरा को गिरफ्तार कर लगभग 13 लाख के फ्रॉड का खुलासा किया था।

दूसरे छापे में तीसरे को उठाया ---

पूछताछ में श्रीकांत ने मैहर के ही रहने वाले और एमबीए की पढ़ाई कर चुके विनोद सिंह (34) को इस जालसाजी का अहम खिलाड़ी बताया था, जिस पर 19 जुलाई को पुलिस टीम रिमांड पर उसे दोबारा मैहर लाई और खोजबीन के बाद विनोद को भी अपने साथ ले गई। गिरफ्त में आने पर आरोपी ने खुलासा किया कि वह ग्रामीण क्षेत्रों में श्रीकांत के साथ घूम-घूम कर भोलेभाले ग्रामीणों को पैसों का लालच देकर उनके दस्तावेजों पर बैंक खाते खुलवा लेता और पासबुक, एटीएम व सिमकार्ड अपने पास रखने के बाद बिहार और रीवा के साइबर ठगों को बेच देता था। इसी नेटवर्क के जरिए द्रोपदी बाई के खाते से रकम उड़ाई गई थी।

होल्ड कराया खाता ---

आरोपी विनोद से मिले सुराग पर पुलिस ने साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल किए गए मोबाइल और कई सिमकार्ड जब्त करने के साथ चिन्हित किए गए संदिग्ध बैंक खाते फ्रीज कराते हुए 4 लाख 58 हजार रुपए होल्ड करा दिए। इसके साथ ही इंटर स्टेट जालसाजों की धरपकड़ के लिए भी विशेष टीम बनाई गई है।


Created On :   22 July 2026 9:36 PM IST

Tags

Next Story