- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- 12 दिन बाद केक काटकर अस्पताल से दी...
Satna News: 12 दिन बाद केक काटकर अस्पताल से दी बच्चों को विदाई

डिजिटल डेस्क,सतना। सरदार वल्लभभाई पटेल जिला चिकित्सालय में सोमवार को भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। जहरीले सर्प के डसने के बाद 12 दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने वाले चचेरे भाई-बहन के पूरी तरह स्वस्थ होने पर डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ ने केक काटकर उनकी नई जिंदगी का जश्न मनाया। बच्चों को मुस्कुराते हुए अस्पताल से विदा किया गया तो परिजनों की आंखें भी नम हो गईं।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार रैगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करसरा निवासी 12 वर्षीय चांदनी और उसका 10 वर्षीय चचेरा भाई अनुराज 12 जुलाई की सुबह घर में सो रहे थे। इसी दौरान दोनों को जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन गंभीर हालत में दोनों बच्चों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
उस समय दोनों बच्चे अचेत थे और उनकी सांसें बंद हो चुकी थीं। केवल दिल की धडक़न चल रही थी। पीडियाट्रिक इंसेंटिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) में मौजूद चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संदीप द्विवेदी ने दोनों बच्चों को बिना देर किए वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा। लगातार पांच दिनों तक दोनों वेंटिलेटर पर रहे और उनकी हालत बेहद नाजुक बनी रही।
Created On :   22 July 2026 9:29 PM IST












