सतना: चित्रकूट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरविंद भाई पर जारी किया डाक टिकट

चित्रकूट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरविंद भाई पर जारी किया डाक टिकट
सिद्धि के लिए होता है संतों के संकल्प का सृजन

डिजिटल डेस्क,सतना।

धर्मनगरी चित्रकूट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि संतों के संकल्प का सृजन सिद्धि के लिए होता है। सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के विद्याधाम में शुक्रवार को अरविंद भाई मफतलाल की स्मृति में आयोजित शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा कि स्व से ऊपर उठकर समष्टि का भाव महात्मा को जन्म देता है। उन्होंने कहा कि भारत भूमि की यही विशेषता है। श्री मोदी ने चित्रकूट में सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के संस्थापक संत रणछोर दास का स्मरण करते हुए कहा कि आज हम सेवा के जितने भी प्रकल्प देख रहे हैं, वह सब उनके साहस,आत्मबल और सेवाभाव की पराकाष्ठा से संभव हुए हैं। यह उसी ऋषि संकल्प का परिणाम हैं। प्रधानमंत्री ने अरविंद भाई की स्मृति में डाक टिकट भी जारी किया। इस मौके पर राज्यपाल मंगूभाई और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मंचासीन थे।

संत स्वभाव की महिमा

पीएम नरेंद्र मोदी ने संत महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि संतों का स्वभाव ऐसा होता है कि जो इनका संग पाता है और इनके मार्गदर्शन में रहता है स्वयं संत हो जाता है। नरेंद्र मोदी ने कहा कि अरविंद भाई मफतलाल का जीवन भी ऐसा ही था। बाहर से उनका जीवन सामान्य था और वह सामान्य व्यक्ति जैसे दिखते थे, लेकिन भीतर से उनका जीवन तपोयोगी संत की तरह था। उन्होंने कहा कि संत रणछोर दास की प्रेरणा से ही चित्रकूट में श्रीराम संस्कृत विद्यालय और सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट की स्थापना हुई थी। श्री मोदी ने कहा कि वह ऐसे सेवाभावी संत थे, जिनके संकल्प ने भूकंप,बाढ़ और सूखा जैसी विषम परिस्थितियों में भी गरीबों को नया जीवन दिया था। उन्होंने संकल्प और सेवा के सामथ्र्य के संगम से सिद्धियों के अनेक आयाम स्थापित किए, जो आज हमारे सामने हैं।

जो जिम्मेदारी ली निष्ठा से ली

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम इस जन्म शताब्दी समारोह से प्राप्त पे्ररणा को आत्मसात करें। उन्होंने कहा अरविंद भाई मफतलाल ने अपने जीवन में जो जिम्मेदारी उठाई,पूरी निष्ठा से उठाई और उसे पूरा किया। मफतलाल गु्र्रप को नई ऊंचाइयां दीं। देश का पहला पेट्रो केमिकल काम्पलेक्स स्थापित किया। देश की कई बड़ी कंपनियों की नींव में उन्हीं की दृष्टि,सोच, एवं परिश्रम है यहां तक कि कृषि क्षेत्र में उनके काम की काफी सराहना हुई है। भारतीय एग्रो इंडस्ट्री के अध्यक्ष के तौर पर उनकी सेवाएं आज भी सराही जाती हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अरविंद भाई ने देश की अर्थव्यवस्था एवं सामान्य मानवीय जीवन में अहम भूमिका निभाई। भारत की परंपारिक टैक्सटाइल को गौरव दिलाया। देश के बड़े बैंकों एवं संस्थानों का नेतृत्व किया। उनके परिश्रम और प्रतिभा ने समाज पर अलग छाप छोड़ी। उन्हें देश और विदेशों के अनेक अवार्ड भी अर्जित किए।

Created On :   27 Oct 2023 11:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story