Birsingpur/Satna news: पीएम श्री कन्या स्कूल की 6 छात्राओं का संभाग स्तर के लिए चयन

पीएम श्री कन्या स्कूल की 6 छात्राओं का संभाग स्तर के लिए चयन
सुविधाओं के अभाव में भी बेटियों ने दिखाई खेल प्रतिभा

डिजिटल न्यूज़ बिरसिंहपुर/सतना

पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरसिंहपुर में पर्याप्त संसाधन और खेल मैदान जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव के बावजूद छात्राओं ने शालेय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय की छह छात्राओं ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संभाग स्तर की प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है।

दौड़ प्रतियोगिता में विद्यालय की दो छात्राओं का संभाग स्तर के लिए चयन हुआ है। वहीं वॉलीबॉल में चार छात्राओं ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए संभाग स्तर पर अपना स्थान पक्का किया। छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय में उत्साह का माहौल है।

प्राचार्य धर्मेंद्र गुप्ता के निर्देशन ,पवन गुप्ता के मार्गदर्शन तथा कोच आलोक अग्निहोत्री के प्रशिक्षण में छात्राओं ने यह सफलता हासिल की। सीमित संसाधनों के बीच नियमित अभ्यास और मेहनत ने छात्राओं को यह मुकाम दिलाया।

बेटियों ने मांगा नया भवन और खेल मैदान

विद्यालय में छात्राओं के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था नहीं होने के साथ खेल मैदान का भी अभाव है। इसके बावजूद छात्राएं लगातार खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। छात्राओं ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से नए स्कूल भवन तथा खेल मैदान की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बेहतर सुविधाएं मिलने पर वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में क्षेत्र का नाम रोशन कर सकती हैं।

Created On :   22 Sept 2026 2:10 PM IST

Tags

Next Story