Shahnagar News: ओवरलोड ऑटो में जान जोखिम में डाल रहे स्कूली बच्चे

ओवरलोड ऑटो में जान जोखिम में डाल रहे स्कूली बच्चे
शाहनगर में यातायात नियमों की उड़ रही धज्जियां

डिजिटल डेस्क,शाहनगर। शाहनगर मुख्यालय में स्कूली बच्चों की सुरक्षा राम भरोसे है। देवरी रोड, बोरी रोड एवं खमतरा रोड पर स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले ऑटो में क्षमता से अधिक 10 से 12 बच्चे लाद कर ले जाए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक ऑटो में पीछे 7-8 बच्चे लटके रहते हैं, वहीं अंदर भी ठूंस-ठूंस कर बच्चे भरे रहते हैं। छोटे-छोटे बच्चे ऑटो की छत और पायदान पर लटके नजर आते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

नियमानुसार एक ऑटो में 3 सवारी ही मान्य है, लेकिन यहां यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सुबह और शाम के समय सड़कों पर ओवरलोड ऑटो की भरमार रहती है, लेकिन चेकिंग के नाम पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

इस संबंध में अभिभावकों ने चिंता जताते हुए कहा कि ऑटो चालक अधिक पैसे कमाने के चक्कर में बच्चों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। अभिभावकों ने मांग की है कि शाहनगर में सुबह 8 से 9 बजे और दोपहर 3 से 4 बजे यातायात पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाकर ओवरलोड ऑटो चालकों पर चालानी कार्रवाई की जाए नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता है।

Created On :   29 Sept 2026 9:01 PM IST

Next Story