- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- छह दिन में 08 डिग्री लुढ़क गया...
Seoni News: छह दिन में 08 डिग्री लुढ़क गया पारा, ठण्ड दिखाने लगी अपने तेवर

Seoni News: पिछले तीन-चार दिन से मौसम में आए बदलाव से ठण्ड का प्रकोप बढ़ गया है। ठण्डी हवाएं कंपकंपी बढ़ा रही हैं। ठण्ड बढऩे से दिनचर्या में बदलाव आ गया है। दिन के समय धूप में भी लोग जैकेट आदि गर्म कपड़े पहने नजर आ रहे हैं। बीते 06 दिन में ही न्यूनतम तापमान 08 डिग्री सेल्सियस लुढक़ गया है, वहीं अधिकतम तामपान भी लगभग 02 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। बीते 05 नवंबर को सिवनी में न्यूनतम तापमान 20.4 व अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि 10 नवंबर सोमवार को न्यूनतम तापमान 12.4 व अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।
ठण्ड अपने तेवर दिखाने लगी है, वहीं आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में और भी गिरावट आने की आशंका जाहिर की गई है, जिससे ठण्ड का प्रकोप भी बढ़ेगा। जानकारी के अनुसार मौसम विभाग द्वारा सोमवार को आगामी 24 घंटे में प्रदेश के कुछ जिलों में तीव्र शीतलहर व पड़ोसी मंडला व छिंदवाड़ा जिले में शीतलहर चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। शीत लहर का असर सिवनी जिले पर भी पडऩे की बात कही जा रही है।
दिनांक न्यूनतम अधिकतम
10 नवंबर 12.4 26.2
09 नवंबर 15.4 26.0
08 नवंबर 17.0 26.2
07 नवंबर 19.2 27.0
06 नवंबर 19.4 28.0
05 नवंबर 20.4 28.0
अच्छी लगने लगी धूप
ठण्ड बढऩे का असर आम जनजीवन पर पडऩे लगा है। ठण्डी हवाएं गलन का अहसास कराने लगी हैं। अब तक धूप से बचने वालों को धूप भाने लगी है। लोग सुबह अपने घरों के बाहर व छत पर धूप में बैठे नजर आने लगे हैं। महिलाएं अपने छोटे बच्चों में धूप सेंका रही हैं, वहीं बुजुर्ग भी धूप में अधिक समय बिता रहे हैं।
गर्म कपड़ों का बाजार हुआ गर्म, खरीदारों की लग रही भीड़
न्यूनतम तापमान गिरकर 12.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जाने का असर गर्म कपड़ों के बाजार पर भी पड़ा है। गर्म कपड़ों का बाजार गर्म हो गया है। स्वेटर, जैकेट, मफलर, मंकी कैप, ग्लब्स आदि गर्म कपड़ों की मांग बढ़ गई है। दुकानों में ग्राहकों की भीड़ लग रही है, वहीं नगर पालिका कार्यालय के बगल में लगा तिब्बती बाजार भी गुलजार हो गया है।
आगे क्या
मौसम विषेशज्ञों के अनुसार अभी ठण्ड का शुरुआती दौर है। तामपान में गिरावट से दिन में भी ठण्डक का अहसास होने लगा है। आगे ठण्ड का असर और बढ़ेगा। तापमान में और गिरावट आएगी। शीतलहर चलेगी। घना कोहरा भी छाएगा। आगामी कुछ दिनों में न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे तक जाएगा और कड़ाके की ठण्ड पड़ेगी।
ठण्ड से बचने ये बरतें सावधानियां
* शरीर को हाइड्रेटेड रखें, त्वचा को मॉइस्चराइज करें
* छोटे बच्चों व बुजुर्गों के कपड़ों व खान-पान पर विशेष ध्यान दें
* हवा रोधी जैकेट, कोट अथवा अन्य वस्त्र का इस्तेमाल करें
* सिर पर टोपी व हाथ-पैरों में मोजे व ग्लब्स पहनें
* धूप निकलने के बाद ही घर से बाहर निकलें
* गर्म व पौष्टिक भोजन व विटामिन सी वाले फल-सब्जियां खाएं
* गुनगुना पानी पिएं व पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लें
* विटामिन डी की कमी से बचने के लिए सुबह धूप सेकें
* बहुत ज्यादा ठण्ड होने पर घर पर ही रहें, धूप में ही निकलें
* सांस संबंधी समस्या है तो ठण्डी हवा में बाहर न निकलें
* कोहरा होने पर वाहन चलाने में सावधानी बरतें
* सर्दी-खांसी व बुखार के लक्षण दिन पर डॉक्टर से संपर्क करें
Created On :   11 Nov 2025 1:11 PM IST











