धोखाधड़ी: एक ही खेती का दो लोगों के साथ किया सौदा, पांच लाख रुपए ठगनेवाले दो नामजद

एक ही खेती का दो लोगों के साथ किया सौदा, पांच लाख रुपए ठगनेवाले दो नामजद
  • दो लोगों के साथ किया सौदा
  • एक ही खेती के नाम पर लगाया चूना
  • पांच लाख रुक की ठगी

डिजिटल डेस्क, वर्धा. पहले ही खेत बेच दिए जाने के बावजूद दूसरे व्यक्ति के साथ खेती बिक्री का सौदा कर उससे 5 लाख रुपए से ठग लिया गया। शिकायत के आधार पर हिंगणघाट पुलिस ने दो आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। आरोपियों के नाम नामदेव भट व गजानन भट बताए जाते हैं। जानकारी के अनुसार गुरुनानक वार्ड निवासी आकाश प्रकाश मोटवाणी की विठोबा चौक में कपड़े की दुकान है। इस दुकान में आरोपी गजानन भट का आना-जाना लगा रहता था।

9 जून 2021 को आरोपी फरियादी की दुकान में आया तथा उसकी मालकियत के तीन एकड़ खेत बेचने की जानकारी दी। फरियादी ने खेत की कीमत पूछी तो आरोपी ने 8 लाख रुपए बताई। फरियादी ने उसी दिन सौदा तय कर नकद डेढ़ लाख रुपए चेक से आरोपी को दिए। इसके बाद 12 जून को डेढ़ लाख, 14 जून को 1 लाख, 16 जून को 1 लाख इस तरह कुल 5 लाख रुपए आरोपी को दिए।

शेष राशि खेती की बिक्री के समय देने की बात तय हुई। 6 जून 2022 को फरियादी दुकान में मौजूद थे, तब आरोपी गजानन भट फिर दुकान में आया तथा खेती पर क्रॉप लोन है, इस कारण उसे भरने तथा कोरोना का प्रकोप होने से खेत बिक्री के लिए अवधि बढ़ाकर मांगी। इसके तहत करारनामा कर 25 मई 2023 को खेती बिक्री का निर्णय लिया गया। 25 मई 2023 को भी आरोपी खेत मालिक नामदेव भट व गजानन भट खेती बेचने में आनाकानी करने लगा।

इससे फरियादी ने अपनेे वकील से खेती का ऑनलाइन सातबारा चेक करवाया। इसमें खेती वाघोली निवासी टीकाराम बाबूलाल नौकरकर के नाम पर दिखाई दी। जांच करने पर पता चला कि आरोपियों ने 12 अप्रैल 2023 को खेती बेच दी थी।

इससे गजानन व नामदेव भट ने फरियादी का विश्वासघात कर 5 लाख रुपए से ठगने का मामला सामने आया। फरियादी के मांगने पर भी आरोपियों ने यह राशि वापस नहीं लौटाई। फरियादी आकाश मोटवाणी की शिकायत पर हिंगणघाट पुलिस ने 29 जनवरी को मामला दर्ज किया। हिंगणघाट पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Created On :   31 Jan 2024 9:41 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story