Nepal Road Accident: नेपाल में भीषण सड़क हादसा, मनकामना मंदिर में दर्शन कर लौट रहे भारत के 7 श्रद्धालुओं की मौत

नेपाल में भीषण सड़क हादसा, मनकामना मंदिर में दर्शन कर लौट रहे भारत के 7 श्रद्धालुओं की मौत
नेपाल में सड़क हादसों की संख्या समय के साथ बढ़ती जा रही है। शनिवार की शाम देश के गोरखा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 7 भारतीय श्रद्धालुओं की मौत हो गई।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नेपाल में सड़क हादसों की संख्या समय के साथ बढ़ती जा रही है। शनिवार की शाम देश के गोरखा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 7 भारतीय श्रद्धालुओं की मौत हो गई। सभी मनकामना मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक श्रद्धालुओं को ले जा रही एक इलेक्ट्रिक माइक्रोबस साहिद लखन ग्रामीण नगरपालिका के कंतार क्षेत्र में सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गई।

गोरखा जिला पुलिस के मुताबिक हादसे में 7 अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए चितवन मेडिकल कॉलेज, भरतपुर एडमिट कराया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने बताया कि माइक्रो बस में करीब एक दर्जन से अधिक यात्री सवार थे।

गोरका जिला अधिकारी बहादुर श्रेष्ठ के मुताबिक माइक्रो बस मनकामना मंदिर से पश्चिम की ओर तनहूं जिले के अनबुखैरेनी इलाके की तरफ जा रही थी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मंदिर दर्शन के बाद यात्री किस स्थान की ओर जा रहे थे। गोरखा पुलिस के मुताबिक अभी हादसे की सही वजह सामने नहीं आ पाई है, जांच जारी है। बता दें कि इससे दो साल पहले भी अनबुखैरेनी क्षेत्र में भारतीय श्रद्धालुओं से भरी एक बस का एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई थी।

दिनों-दिन बढ़ रहे हादसे

नेपाल में हाल के वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में वृद्धि देखी गई है। नेपाल ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक एक दशक पहले देश में 4,999 सड़क हादसे दर्ज किए गए थे, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 7,669 हो गई।

विश्व बैंक की एक अध्ययन रिपोर्ट के अनुसार नेपाल में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाला आर्थिक नुकसान 2007 के बाद से तीन गुना बढ़ चुका है और यह अब देश के सकल राष्ट्रीय उत्पाद का लगभग 1.5 प्रतिशत हो गया है।

Created On :   15 March 2026 12:55 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story