Salman Agha Run Out Controversy: मैदान पर गुस्सा दिखाना सलमान आगा को पड़ा भारी, ICC ने उठाया कठोर कदम

मैदान पर गुस्सा दिखाना सलमान आगा को पड़ा भारी, ICC ने उठाया कठोर कदम
पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेला गया दूसरा वनडे मैच पाकिस्तान की जीत से ज्यादा टीम के बल्लेबाज सलमान आगा के रनआउट होने की वजह से चर्चा में रहा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जा रही है। दोनों ही टीमों ने सीरीज के दो में से एक-एक मैच जीत लिए हैं। शुक्रवार को खेले गए दूसरे मैच में पाकिस्तान ने डकबर्थ लुईस नियम के आधार पर 128 रन से जीत दर्ज की। यह मैच पाकिस्तान की जीत से ज्यादा टीम के बल्लेबाज सलमान आगा के रनआउट होने की वजह से चर्चा में रहा। अब इस मामले में आईसीसी ने आचार सहिंता का उल्लंघन करने के लिए सलमान आगा को कड़ी सजा सुनाई है।

क्यों हुआ था विवाद?

मैच में पाकिस्तान टीम पहले बैटिंग करने उतरी। बांग्लादेश की तरफ से 39वां ओवर मेहदी हसन मिराज फेंक रहे थे और सामने मोहम्मद रिजवान बैटिंग कर रहे थे। ओवर की चौथी गेंद पर रिजवान ने सामने की तरफ हल्का सा पुश किया, जिसकी वजह से गेंद वापस गेंदबाज की दिशा में आ रही थी। नॉन-स्ट्राइकिंग एंड पर सलमान आगा अपनी क्रीज से बाहर थे। गेंद पहले सलमान के बैट में लगी और फिर मेंहदी हसन के हाथों में गई। इस दौरान दोनों के बीच टक्कर भी हुए। सलमान ये सोचकर गेंद को उठाने लगे कि वो प्ले में नहीं है। लेकिन इससे पहले ही मेंहदी हसन ने बॉल उठाकर स्टंप पर दे मारी और अंपायर से रनआउट की अपील की। नियम के मुताबिक थर्ड अंपायर ने सलमान को आउट करार दिया।

खुद को इस तरह आउट दिए जाने के बाद आगा सलमान गुस्सा गए। उन्हें बांग्लादेश के खिलाड़ियों की ओर से दिखाई गई खेल भावना जरा भी पसंद नहीं आई। सलमान ने गुस्से में आकर अपने दास्ताने और हेलमेट उतारकर फेंक दिया। इसके अलावा जब वो वापस ड्रेसिंग रूम की तरफ लौट रहे थे, तब भी उन्होंने बैट और हेलमेट को जमीन पर पटक दिया और बहुत जोर से गुस्से में चिल्लाते हुए नजर आए।

आईसीसी ने क्या लिया एक्शन?

आईसीसी ने बताया कि सलमान आगा को आचार संहिता के आर्टिकल 2.2 का दोषी पाया गया है। यह क्रिकेट उपकरण या फिर क्लॉथिंग और ग्राउंड उपकरणों को फेंकने से जुड़ा है। आगा को उनके खराब व्यवहार के लिए उनपर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। साथ ही एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है। सलमान आगा ने भी अपनी गलती मान ली है, इसलिए इस मामले में किसी सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

Created On :   14 March 2026 10:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story