Pakistan Cricket: पाकिस्तान के किसी खिलाड़ी पर नहीं लगेगा जुर्माना, पीसीबी ने कहा - '50 पेनल्टी का दावा झूठा, लेकिन...'

पाकिस्तान के वर्ल्डकप सेमीफाइनल में न पहुंचने पर दावा किया गया था कि पीसीबी सजा के रूप में हर खिलाड़ी पर 50-50 लाख का जुर्माना लगाएगा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्डकप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का प्रदर्शन शर्मनाक रहा था। टीम सुपर-8 राउंड तक ही पहुंच सकी। इसके बाद 2 मार्च को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि वर्ल्डकप सेमीफाइनल में न पहुंचने के बाद पीसीबी (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) ने टीम के प्रत्येक खिलाड़ी पर 50-50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। अब इस दावे पर पीसीबी की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है। बोर्ड ने शनिवार को कहा कि यह दावा पूरी तरह से फर्जी है, किसी भी खिलाड़ी पर कोई जुर्माना नहीं लगाया गया है।

पीसीबी के प्रवक्ता अमीर मीर ने कहा, ‘किसी खिलाड़ी पर कोई जुर्माना नहीं लगाया गया है, लेकिन बोर्ड खिलाड़ियों के लिए एक फॉर्मूला तैयार करने पर विचार कर रहा है, ताकि उन्हें अधिक जवाबदेह बनाया जा सके।‘

बता दें कि पाकिस्तान में नेशनल टीम में खेलने वाले प्लेयर को हर महीने 4 कैटेगरी में सैलरी मिलती है। इसके मुताबिक A कैटगरी में करीब 65 लाख, B कैटेगरी में 45 लाख, C कैटेगरी में 20 लाख और D कैटेगरी में 12.50 लाख रुपए हर महीने मिलते हैं।

ऐसा रहा वर्ल्डकप में पाकिस्तान का प्रदर्शन

पाकिस्तान को वर्ल्डकप के ग्रुप स्टेज के पहले मैच में नीदरलैंड के खिलाफ मुश्किल से जीत हासिल हुई। इसके बाद टीम ने USA को हराया। श्रीलंका की परिस्थितियों और स्पिन गेंदबाजों के दम पर भारत के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन टीम को इस मैच में 61 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद टीम ने नामीबिया को आखिरी मैच हराकर सुपर-8 स्टेज में एंट्री की।

सुपर-8 का पहला मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ था जो कि बारिश में धुल गया। इसके बाद दूसरे मैच में टीम को इंग्लैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा। बीते कुछ समय की तरह टीम के सेमीफाइनल की उम्मीदें दूसरे मैचों के नतीजों पर टिक गईं। टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के अपने तीसरे और आखिरी सुपर-8 मुकाबले में श्रीलंका पर कम से कम 65 रन से जीत दर्ज करनी थी। लेकिन, ऐसा नहीं हो सका और टीम ने 5 रन से जीत की। इस कारण न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच गया और पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गया।

Created On :   14 March 2026 7:43 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story