BCCI Naman Awards 2026: न विराट..न रोहित और न ही बुमराह, शुभमन गिल को मिला सबसे बड़ा सम्मान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित होने वाले हैं। बीसीसीआई ने शनिवार को इसका ऐलान किया। बोर्ड ने बीसीसाई नमन अवॉर्ड विजेता खिलाड़ियों की सूची जारी की, जिसमें शुभमन गिल को मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर और स्मृति मंधाना को बेस्ट वीमेंस इंटरनेशनल क्रिकेटर ऑफ द ईयर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। अवॉर्ड्स सेरेमनी रविवार, 15 मार्च को होगी। बता दें कि बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स की शुरुआत साल 2006-07 में हुई थी। इस अवॉर्ड से पिछले एक साल में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटरों को सम्मानित किया जाता है।
2025 में लगाया था रनों का अंबार
टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल के लिए साल 2025 बेहद अच्छा निकला। उन्होंने टेस्ट मैचों में 983 रन बनाए। इंग्लैंड के खिलाफ ड्रॉ हुई सीरीज में उनके बल्ले 754 रन आए थे। इस सीरीज में उन्होंने 70 से ज्यादा के औसत से रनों का अंबार लगाया था। इसके अलावा वनडे मैचों में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने इस फॉर्मेट में 490 रन बनाए। तीनों फॉर्मेट में गिल ने 49 की औसत से 1764 रन बनाए, जिसमें 7 शतक और 3 अर्द्धशतक शामिल हैं। हालांकि, T20 इंटरनेशनल में उनका प्रदर्शन टेस्ट और वनडे के मुकाबला उतना प्रभावशाली नहीं था। लेकिन आईपीएल में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। सीजन-18 में उन्होंने गुजरात टाइटन्स के लिए 50 की औसत से 650 रन बनाए।
द्रविड़ को मिलेगा खास सम्मान
2024 टी20 वर्ल्डकप चैंपियन टीम इंडिया को कोचिंग देने वाले राहुल द्रविड़ को भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट के अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। राहुल ने भारत की तरफ से खेलते हुए 20 हजार से ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाए हैं। इसके अलावा मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को बेस्ट डोमेस्टिक क्रिकेट एसोसिएशन के अवॉर्ड से नवाजा जाएगा।
Created On :   14 March 2026 7:11 PM IST










