Women's T20 WC 2026: वॉर्मअप मैच में टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन, वेस्टइंडीज को 26 रन से हराया, गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। महिला टी20 वर्ल्डकप 2026 का आगाज 12 जून से हो रहा है। इंग्लैंड की मेजबानी में खेले जाने वाले इस महाकुंभ से पहले वॉर्मअप मैच खेले जा रहे हैं। टीम इंडिया ने 2016 की चैंपियन वेस्टइंडीज के खिलाफ वॉर्मअप मैच खेला, जिसमें 26 रनों से बंपर जीत हासिल की। कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में भारत ने ने पहले खेलते हुए 8 विकेट पर 179 रन बनाए। 180 रन के टारगेट का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 8 विकेट पर 153 रन ही बना सकी।
भारती फुलमाली की फिफ्टी
पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने धुआंधार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5 ओवर में 50+ स्कोर बनाया। पॉवरप्ले के आखिरी ओवर में स्मृति मंधाना 23 गेंदों पर 39 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके अगले ही ओवर में उनकी जोड़ीदार शेफाली वर्मा भी पवेलियन रवाना हो गईं। जेमिमा रोड्रिग्स बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहीं और 7 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद यास्तिका भाटिया ने भारती फुलमाली के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों पर 61 रन की साझेदारी की। यास्तिका ने 36 गेंदों पर 36 रन बनाए। वहीं फूलमाली ने नाबाद 56 रनों की पारी खेली। वेस्टइंडीज की ओर से एफी फ्लेचर ने 23 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए।
यह भी पढ़े -'डेब्यू हो तो ऐसा..', अफगानिस्तान के खिलाफ 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे मानव सुथार ने रचा इतिहास, बने इस खास क्लब का हिस्सा
चला भारतीय स्पिनर्स की फिरकी का जादू
180 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज को डिएंड्रा डॉटिन और शेमेन कैंपबेल ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी की। हालांकि उनकी यह साझेदारी धीमी हुई। टीम के लिए डिएंड्रा ने सबसे ज्यादा 49 रन की पारी खेली। कैंपबेल 25 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गईं। दोनों के अलावा कैरेबियन टीम की कोई भी बैटर ज्यादा देर तक नहीं टिक सकीं। भारत की ओर से श्रेयंका पाटिल ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। उनके अलावा राधा यादव को 3 सफलताएं मिलीं।
Created On :   8 Jun 2026 8:34 PM IST









