India vs Afghanistan Test Match: डेब्यू मैच में मानव सुथार ने 3 विकेट झटक किया कमाल, कहा- मेरा मकसद गेंद को टर्न कराना

डिजिटल डेस्क, न्यू चंड़ीगढ़। भारत-अफगानिस्तान टेस्ट मैच में मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी की। यह मुकाबला महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। जिसमें सुथार ने 3 विकेट अपने नाम किए। बाएं हाथ के गेंदबाज मानव सुथार ने कहा कि मैंने अपनी ताकत पर भरोसा रखा और लगातार सही गेंदबाजी की जिस कारण मुझे टेस्ट में असर डालने में मदद मिली।
अपनी बॉलिंग पर मानव सुथार ने क्या कहा?
दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद सुथार ने अपनी गेंदबाजी पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा वह लगातार सही जगहों पर गेंदबाजी करते हुए पिच से जो मदद मिल रही थी उसका पूरा फायदा उठाना चाहते थे। उन्होंने कहा, 'स्पेल के दौरान मेरा ध्यान सही जगहों पर गेंदबाजी करने और अपनी ताकत पर भरोसा करने पर था। विकेट से मदद मिल रही थी, इसलिए मेरी कोशिश सही जगहों पर गेंदबाजी करने और जितनी हो सके उतनी लगातार सही लेंथ पर गेंद डालने की थी।'
सुथार ने कहा विकेट से कुछ मदद मिल रही थी और मेरी ताकत गेंद को टर्न कराना है। इसलिए मेरा मकसद ज्यादा से ज्यादा टर्न हासिल करना था क्योंकि पिच से मदद मिल रही थी। साथ ही, मैं अच्छी जगहों पर गेंदबाजी करना और लगातार सही लेंथ पर गेंद डालना चाहता था, क्योंकि वहीं से मदद मिल रही थी। मेरा पूरा ध्यान इसी पर था।
अफगानिस्तान के खिलाफ सुथार को गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में टीम में शामिल किया गया है। सुथार ने पहले ही टेस्ट में अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी से सबको प्रभावित कर दिया। बल्लेबाजी के दौरान 8वें नंबर पर उतरते हुए सुथार ने 41 गेंदों पर 28 रन की पारी खेली। वहीं गेंदबाजी में 15.5 ओवर में 7 मेडन फेंकते हुए मात्र 21 रन देकर 3 विकेट ले चुके हैं।
Created On :   8 Jun 2026 12:11 AM IST












