MI vs DC Updates: मुंबई इंडियंस ने हासिल की सीजन में पहली जीत, हाई-स्कोरिंग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को दी 29 रनों से मात

मुंबई इंडियंस ने हासिल की सीजन में पहली जीत, हाई-स्कोरिंग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को दी 29 रनों से मात
  • अपना पांचवां मुकाबला खेल रही है दिल्ली
  • अपना चौथा मुकाबला खेल रही है मुंबई
  • लगातार तीन मुकाबले हार चुकी है मुंबई

डिजिटल डेस्क, मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन का धमाकेदार आगाज हो गया है। पिछले दस दिनों में फैंस को हर एक दिन एक से बढ़कर एक रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले हैं। इसी कड़ी में आज सुपर संडे के दिन सीजन के बीसवें मुकाबले में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आमने-सामने थीं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को 29 रनों से मात देकर सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की। मुंबई इंडियंस की इस जीत में रोमारियो शेफर्ड (नाबाद 39 रन और 1 विकेट) और जेराल्ड कोएट्जी (4 विकेट) ने अहम भूमिका निभाई। जबकि दिल्ली कैपिटल्स के लिए ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 71 रन) की धमाकेदार पारी बेकार गई।

मुंबई के सभी बल्लेबाजों ने दिखाया कमाल

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने धमाकेदार शुरुआत की। रोहित शर्मा और ईशान किशन की ओपनिंग जोड़ी ने महज 7 ओवरों में 80 रनों की साझेदारी निभाई। लेकिन शानदार शुरुआत के बाद रोहित शर्मा (49 रन) और सूर्यकुमार यादव (0 रन) के रूप में मुंबई को दोहरा झटका लगा। हालांकि, ईशान किशन ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए टीम को सौ रनों के पार पहुंचाया। लेकिन दिल्ली की टीम ने एक बार फिर से वापसी करते हुए एक के बाद एक ईशान किशन (43 रन) और तिलक वर्मा (6 रन) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। लेकिन कप्तान हार्दिक पांड्या (39 रन) ने टिम डेविड के साथ मिलकर टीम को दो सौ रनों के करीब पहुंचाया। जबकि अंतिम ओवरों में टिम डेविड (नाबाद 45 रन) और रोमारियो शेफर्ड (नाबाद 39 रन) की जोड़ी ने टीम को धमाकेदार फिनिश दिलाई। सभी बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत मुंबई इंडियंस की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 234 रनों का विशालकाय टोटल हासिल किया।

ट्रिस्टन स्टब्स-पृथ्वी शॉ की पारी गई बेकार

विशालकाय लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद ही खराब रही। अनुभवी ओपनिंग बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (10 रन) धीमी शुरुआत के बाद सस्ते में पवेलियन लौट गए। इस बड़े झटके के बाद पृथ्वी शॉ और अभिषेक पोरेल की जोड़ी ने शानदार साझेदारी निभाकर टीम को सौ रनों के पार पहुंचाया। लेकिन जसप्रीत बुमराह ने अपने कमबैक स्पेल में धारदार गेंदबाजी करते हुए एक के बाद एक पृथ्वी शॉ (66 रन) और अभिषेक पोरेल (41 रन) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। जबकि कप्तान ऋषभ पंत (1 रन) भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 71 रन) ने ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए दिल्ली को मुकाबले में बनाए रखा। लेकिन स्टब्स को लोअर ऑर्डर बल्लेबाजों से साथ नहीं मिला और उनकी धमाकेदार पारी बेकार गई। अंत में दिल्ली कैपिटल्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 205 रन ही बना सकी। मुंबई इंडियंस की ओर से जेराल्ड कोएट्जी ने सर्वाधिक चार विकेट हासिल किए।

Live Updates

  • 7 April 2024 1:50 PM GMT

    ट्रिस्टन स्टब्स की धमाकेदार पारी गई बेकार

    अंतिम ओवरों में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को मुकाबले में बनाए रखने वाले ट्रिस्टन स्टब्स की धमाकेदार पारी अंत में बेकार चली गई। पारी के आखिरी ओवर में जेराल्ड कोएट्जी ने एक के बाद एक तीन बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। जबकि महज 25 गेंदों में 71 रन बनाकर खेल रहे स्टब्स दूसरे छोर पर ही रह गए। अंत में दिल्ली कैपिटल्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट गवांकर 205 रन ही बना सकी।

  • 7 April 2024 1:44 PM GMT

    अक्षर पटेल रन आउट होकर लौटे पवेलियन

    ट्रिस्टन स्टब्स के साथ मिलकर दिल्ली कैपिटल्स को मुकाबले में बनाए रखने वाले अक्षर पटेल 8 रन बनाकर रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। मोहम्मद नबी ने बाउंड्री लाइन से शानदार थ्रो करके अक्षर को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 19 ओवर के बाद पांच विकेट के नुकसान पर 201 रन है।

  • 7 April 2024 1:33 PM GMT

    ट्रिस्टन स्टब्स ने लगाया तूफानी अर्धशतक

    इस सीजन में अच्छी फॉर्म में चल रहे ट्रिस्टन स्टब्स ने पहली ही गेंद से धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 19 गेंदों में 3 चौकों और 4 छक्कों की मदद से तूफानी अर्धशतक ठोक दिया। इस समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 17 ओवर के बाद चार विकेट के नुकसान पर 172 रन है।

  • 7 April 2024 1:31 PM GMT

    कप्तान ऋषभ पंत सस्ते में लौटे पवेलियन

    अभिषेक पोरेल के पवेलियन लौटने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान ऋषभ पंत सस्ते में पवेलियन लौट गए। पंत को 1 रन के निजी स्कोर पर जेराल्ड कोएट्जी ने कप्तान हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराकर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 16 ओवर के बाद चार विकेट के नुकसान पर 153 रन है।

  • 7 April 2024 1:23 PM GMT

    बुमराह ने अभिषेक पोरेल को भेजा पवेलियन

    अपने पिछले ओवर में पृथ्वी शॉ को पवेलियन भेजने वाले जसप्रीत बुमराह ने एक और सेट बल्लेबाज अभिषेक पोरेल को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया। अभिषेक पोरेल 31 गेंदों में 41 रन बनाकर टिम डेविड को कैच थमाकर आउट हुए। इस समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 15 ओवर के बाद तीन विकेट के नुकसान पर 144 रन है।

  • 7 April 2024 1:05 PM GMT

    बुमराह ने पृथ्वी शॉ को किया क्लीन बोल्ड

    अपनी शानदार अर्धशतकीय पारी के साथ दिल्ली कैपिटल्स को मुकाबले में बनाए रखने वाले पृथ्वी शॉ को जसप्रीत बुमराह ने अपनी कमबैक स्पेल में एक सटीक यॉर्कर पर क्लीन बोल्ड कप पवेलियन का रास्ता दिखाया। पृथ्वी शॉ 40 गेंदों में 66 रन बनाकर आउट हुए। इस समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 13 ओवर के बाद दो विकेट के नुकसान पर 111 रन है।

  • 7 April 2024 12:55 PM GMT

    सौ रनों के पार पहुंची दिल्ली कैपिटल्स

    डेविड वॉर्नर के सस्ते में पवेलियन लौटने के बाद पृथ्वी शॉ और अभिषेक पोरेल की जोड़ी ने शानदार साझेदारी निभाकर पारी के 11वें ओवर में टीम के स्कोर को सौ रनों के पार पहुंचाया। इस समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 11 ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर 107 रन है।

  • 7 April 2024 12:50 PM GMT

    पृथ्वी शॉ ने लगाया धमाकेदार अर्धशतक

    शुरुआत से ही आक्रमक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे पृथ्वी शॉ ने पहले अभिषेक पोरेल के साथ दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी निभाकर टीम की पारी संभाली। जबकि बाद में उन्होंने महज 31 गेंदों में 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से धमाकेदार अर्धशतक ठोक दिया। इस समय मुबई इंडियंस का स्कोर 9 ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर 84 रन है।

  • 7 April 2024 12:32 PM GMT

    पावरप्ले में पचास के करीब पहुंची दिल्ली

    विशालकाय लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली केपिटल्स की टीम ने अपनी पारी की अच्छी शुरुआत की। डेविड वॉर्नर के सस्ते में पवेलियन लौटने के बावजूद पृथ्वी शॉ ने दिल्ली कैपिटल्स को पावरप्ले में पचास रनों के करीब पहुंचाया। इस समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 6 ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर 46 रन है।

  • 7 April 2024 12:28 PM GMT

    वॉर्नर को रोमारियो शेफर्ड ने किया आउट

    पहले बल्लेबाजी से कमाल कर चुके रोमारियो शेफर्ड दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहला विकेट डेविड वॉर्नर के रूप में हासिल किया है। डेविड वॉर्नर महज 8 गेंदों में 10 रन बनाकर मुंबई कप्तान के हाथों कैच थाम बैठे। इस समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 4 ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर 24 रन है।

Created On :   7 April 2024 9:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story