IPL 2026: लखनऊ ने दिया चेन्नई को करारा झटका, 7 विकेट से बाजी मारी, मिचेल मार्श ने बनाए 90 रन, आकाश सिंह ने झटके 3 विकेट

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2026 के 59वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स को 7 विकेट से हरा दिया। चेन्नई के दिए 188 रन के टारगेट को लखनऊ ने केवल 16.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। लखनऊ ने अपने होम ग्राउंड इकाना स्टेडियम में टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए थे।
इस हार के साथ ही चेन्नई का प्लेऑफ में पहुंचने का रास्ता मुश्किल हो गया है। अब उसे अपने बाकी बचे दो मुकाबले किसी भी हालत में जीतने होंगे।
लखनऊ की जीत के हीरो ओपनर मिचेल मार्श रहे, उन्होंने केवल 38 गेंदों पर 90 रन की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 9 चौके और 7 छक्के निकले। उन्होंने अंशुल कंबोज के एक ओवर में 4 छक्के और 1 चौका जड़ा। इस शानदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मार्श ने जोश इंग्लिस के साथ पहले विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी की। इंग्लिस ने 36 रन की पारी खेली। निकोलस पूरन ने 17 गेंदों पर 32 रन बनाए और अपनी टीम को जिताकर लौटे।
चेन्नई की तरफ से मुकेश चौधरी और स्पेंसर जॉनसन को 1-1 सफलता मिली। टीम के इस सीजन में हाईएस्ट विकेट टेकर अंशुल कंबोज मुकाबले में काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने 2.3 ओवर में 63 रन दिए।
यह भी पढ़े -आईपीएल 2026 सीजन के पहले मैच में सैमसन, गायकवाड़ और उर्विल का विकेट लेने वाले आकाश के नोट पर क्या लिखा था?
कार्तिक शर्मा ने खेली 71 रन की पारी
चेन्नई की तरफ से कार्तिक शर्मा ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 42 गेंदों पर 71 रन बनाए। अपनी इस पारी में कार्तिक ने 6 चौके और 5 छक्के जड़े। 53 रन पर 3 विकेट खोने वाली चेन्नई को कार्तिक और डेवाल्ड ब्रेविस ने 70 रन की साझेदारी कर संभाला। ब्रेविस ने 25 रन बनाए। आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने केवल 16 गेंदों पर 32 रन की तूफानी पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 3 चौके व 2 छक्के जड़े।
वहीं, चेन्नई की ओर से आकाश सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में केवल 26 रन देकर तीन विकेट लिए। मोहम्मद शमी और शहबाज अहमद को 1-1 विकेट मिला।
यह भी पढ़े -चेन्नई ने लखनऊ को दिया 188 रन का टारगेट, कार्तिक ने खेली 71 रन की पारी, आकाश सिंह ने झटके 3 विकेट
Created On :   16 May 2026 12:18 AM IST








