IPL 2026: चेन्नई के खिलाफ आकाश सिंह की तूफानी गेंदबाजी, चेन्नई के कप्तान को आउट कर जेब से निकाली पर्ची, जानें क्या लिखा था?

चेन्नई के खिलाफ आकाश सिंह की तूफानी गेंदबाजी, चेन्नई के कप्तान को आउट कर जेब से निकाली पर्ची, जानें क्या लिखा था?
चेन्नई के खिलाफ मैच में अपना पहला विकेट लेने के बाद आकाश सिंह ने एक अनोखा सेलिब्रेशन किया।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। आईपीएल 2026 का 59वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जा रहा है। लखनऊ के होम ग्राउंड इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में दोनों टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिल रही है। मैच में लखनऊ के तेज गेंदबाज आकाश सिंह शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। अभी तक चेन्नई ने 13 ओवर में 3 विकेट पर 108 रन बना लिए हैं। ये तीनों ही विकेट आकाश सिंह ने लिए हैं। उन्होंने अपना पहला विकेट चेन्नई के कप्तान ऋतुराज का लिया, जिसके बाद उन्होंने एक अनोखा सेलिब्रेशन किया।

आकाश ने किया ऋतुराज को आउट

लखनऊ के लिए चौथा ओवर कर रहे आकाश ने पांचवीं गेंद स्टंप के करीब फेंकी। गेंद तेजी से ऋतुराज के पास आई। उन्होंने इस पर पुल शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से पर लगकर हवा में उठ गई और मिड ऑन पर खड़े निकोलस पूरन ने बिना कोई गलती किए कैच लपक लिया।

गायकवाड़ का बड़ा विकेट लेने के बाद आकाश सिंह ने अनोखा सेलिब्रेशन किया। उन्होंने विकेट लेते ही अपनी जेब से एक हाथ से लिखी हुई पर्ची निकाली और उसे हवा में लहराते हुए पूरे स्टेडियम को दिखाया। उनका यह अनोखा प्रदर्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

क्या लिखा था पर्ची में?

आकाश के इस अनोखे सेलिब्रेशन ने स्टेडियम मौजूद लोगों के साथ ही कमेंटेटर्स का ध्यान अपनी तरफ खींचा। आकाश ने जो पर्ची अपने जेब से निकाली थी, उसमें लिखा था, 'अक्की ऑन फायर, टी20 मैच में आकाश को विकेट लेना आता है।'

बता दें कि यह कोई पहली बार नहीं है जब आईपीएल में पर्ची वाला सेलिब्रेशन हुआ हो। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा और सीएसके के उर्विल पटेल भी ऐसा सेलिब्रेशन कर चुके हैं। दरअसल, खिलाड़ी किसी मोटिवेशनल लाइन को पर्ची पर लिखकर अपने पास रखते हैं और जब वह मैदान पर सफलता हासिल करते हैं तो उसे दुनिया के सामने फ्लॉन्ट करते हैं।

Created On :   15 May 2026 9:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story