IPL 2026: पहली जीत के तरस रही KKR के लिए आई गुड न्यूज, टीम में होने वाली है इस खूंखार गेंदबाज की एंट्री

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स सबसे कमजोर टीम बनकर उभरी है। टीम ने अपने 6 मैचों में से 5 हारे हैं, जबकि उसका एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया। एक भी जीत दर्ज न कर पाने की वजह से टीम के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं कम होती जा रही हैं। इस निराशाजनक प्रदर्शन की वजह से टीम आलोचनाओं से घिर गई है। खासकर कप्तान अजिंक्य रहाणे की कप्तानी सवालों के घेरे में आ गई है।
इस सब के बीच केकेआर के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। टीम में श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पाथिराना जुड़ने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाथिराना आज टीम से जुड़ सकते हैं। श्रीलंकन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाथिराना 19 अप्रैल की सुबह कोलकाता से जुड़ सकते हैं। बता दें कि उन्हें टी20 वर्ल्डकप 2026 के दौरान काफ यानी पिंडली में चोट लग गई थी। इसके बाद से उन्होंने कोई प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट नहीं खेला है।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में आने वाले खिलाड़ियों को दुनिया की किसी भी लीग में खेलने के पहले फिटनेस टेस्ट पास करना होता है। इसके बाद ही उन्हें एनओसी मिल पाएगा। केकेआर के लिए अच्छी खबर यह है कि पाथिराना को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से पहले ही एनओसी मिल चुका है। उन्होंने नेट्स में बॉलिंग की प्रैक्टिस भी शुरू कर दी थी।
कहा जा रहा है कि यदि सब कुछ ठीक रहा तो आज राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मैच में पाथिराना को कोलकाता टीम खिला सकती है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बता दें कि पाथिराना को मिनी ऑक्शन में कोलकाता ने 18 करोड़ की बड़ी रकम में खरीदा था। पाथिराना के नाम आईपीएल के 32 मुकाबलों में 47 विकेट दर्ज हैं।
Created On :   19 April 2026 1:02 AM IST












