T20 WC 2026: 'यूएसए के खिलाफ उनका सुपर ओवर...', टीम इंडिया के खिलाफ बयान देना मोहम्मद आमिर को पड़ा भारी, पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने लगाई क्लास

डिजिटल डेस्क, भोपाल। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर टी20 वर्ल्डकप की शुरुआत के समय से ही भारतीय टीम के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। हाल ही में जब पाकिस्तान टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी, तो मोहम्मद आमिर ने भविष्यवाणी कर दी थी कि टीम इंडिया वेस्टइंडीज से हार जाएगी और अंतिम चार में स्थान नहीं बना पाएगी। हालांकि आमिर को मुंह की खानी पड़ी। टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंच गई है। अब टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने मोहम्मद आमिर पर उनके बेतुके बयानों को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने आमिर को उस मैच की याद दिलाई जिसमें पाकिस्तान को यूएसए के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
'लोग केवल सुर्खियां बटोरना चाहते हैं'
कैफ के मुताबिक ऐसी भविष्यवाणी लोग इसलिए करते हैं जिससे खबरें बन सकें। उनका मकसद सिर्फ सुर्खियां बटोरना होता है। कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, "क्या आमिर को वाकई नहीं पता था कि भारत सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगा? वह अच्छी तरह से जानते थे कि डिफेंडिंग चैंपियन टीम आगे जाएगी। ऐसे बयान इसलिए दिए जाते हैं कि जिससे खबर बने। हमें उन्हें इतनी अहमियत नहीं देनी चाहिए। उनके स्तर पर जाकर जवाब देने की जरूरत नहीं है।"
यूएस के खिलाफ मैच की दिलाई याद
2024 के वर्ल्डकप में पाकिस्तान को यूएसए के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा था। पाकिस्तान की तरफ से ये सुपर ओवर मोहम्मद आमिर ने ही फेंका था। इसे लेकर कैफ ने कहा, "यूएसए के खिलाफ सुपर ओवर में दबाव में आना स्टम्प में गेंद नहीं डाल पाना, यह किस स्तर का प्रदर्शन है? ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा, लेकिन सबने देखा है कि क्या हुआ था।"
Created On :  
