MS Dhoni IPL 2026: अगला आईपीएल खेलेंगे या नहीं धोनी? CSK के सीईओ ने दिया चौंकाने वाला जवाब

अगला आईपीएल खेलेंगे या नहीं धोनी? CSK के सीईओ ने दिया चौंकाने वाला जवाब
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से 2020 में संन्यास ले लिया था। लेकिन, आईपीएल में वह अभी भी खेलते हैं। 44 साल के धोनी अगले आईपीएल में खेलेंगे या नहीं, इसको लेकर उनके फैंस के मन में कई सवाल हैं। अब इस सवाल का चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथन ने जवाब दे दिया है।

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से 2020 में संन्यास ले लिया था। लेकिन, आईपीएल में वह अभी भी खेलते हैं। 44 साल के धोनी अगले आईपीएल में खेलेंगे या नहीं, इसको लेकर उनके फैंस के मन में कई सवाल हैं। अब इस सवाल का चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथन ने जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा कि धोनी अगले सीजन में खेलने को तैयार हैं। विश्वनाथन का बयान धोनी फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी है।

मीडिया से बात करते हुए काशी विश्वनाथन ने कहा कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए आईपीएल 2026 में एमएस धोनी के खेलने की संभावना है। उन्होंने सीएसके और आरआर के बीच संजू सैमसन के ट्रेड से संबंधित खबरों को निराधार बताते हुए कहा कि अगले कुछ दिनों में ऐसी खबरें आती रहेंगी। इनमें फिलहाल कोई सच्चाई नहीं है।

धोनी ने 5 बार बनाया चैंपियन

एमएस धोनी सीएसके का सबसे बड़ा चेहरा और टीम की लोकप्रियता और सफलता की बड़ी वजह भी हैं। धोनी आईपीएल के पहले सीजन (2008) से ही टीम से जुड़े हुए हैं। 2 साल के लिए जब टीम प्रतिबंधित हुई थी, उस वक्त वह राइजिंग पुणे सुपरजाइंट का हिस्सा थे।

आईपीएल 2026 लीग का 19वां सीजन होगा। अब तक आयोजित सभी 18 सीजन धोनी खेले हैं। इसमें 16 सीजन सीएसके और 2 सीजन पुणे के लिए। अपनी कप्तानी में टीम को पांच खिताब दिला चुके धोनी ने 2022 में सीएसके की कप्तानी छोड़ दी थी। रवींद्र जडेजा की कप्तानी में जब टीम अच्छा प्रदर्शन करने में कामयाब नहीं हुई, तो उसी सीजन के मध्य में धोनी ने फिर से टीम की कमान संभाल ली।

आईपीएल 2025 में टीम का खराब प्रदर्शन

2024 की शुरुआत में धोनी ने सीएसके की कप्तानी फिर छोड़ी और ऋतुराज गायकवाड़ को टीम की कमान सौंपी गई। 2025 के पहले फेज के बाद गायकवाड़ इंजरी की वजह से सीजन से बाहर हो गए और बतौर कप्तान धोनी फिर से लौटे। आईपीएल 2025 सीएसके के लिए बुरे सपने की तरह था। टीम 14 में से 4 मैच जीत सकी थी।

एमएस धोनी की कप्तानी में सीएसके लीग में सफलता और लोकप्रियता के मामले में टॉप पर रही है। अपनी कप्तानी में धोनी ने टीम को 5 बार खिताब जिताया है। आखिरी बार सीएसके 2023 में उनकी कप्तानी में ही चैंपियन बनी थी। बतौर बल्लेबाज भी धोनी टीम के लिए अहम कड़ी रहे हैं। उन्होंने 248 मैचों में 4,865 रन बनाए हैं। ऐसे में माही के फैंस को उम्मीद है कि वे आईपीएल 2026 में बतौर बल्लेबाज और कप्तान फिर टीम को चैंपियन बनाएंगे।

Created On :   7 Nov 2025 8:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story