IPL-12 : आज अपने पहले मैच में मुंबई से भिड़ेगी दिल्ली 

IPL 12:  mumbai indians vs delhi capitals, MI VS DC, Live Updates, Live Commentary, Wankhede Stadium, Mumbai
IPL-12 : आज अपने पहले मैच में मुंबई से भिड़ेगी दिल्ली 
IPL-12 : आज अपने पहले मैच में मुंबई से भिड़ेगी दिल्ली 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 12वें सीजन का तीसरा मैच आज वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाएगा। मैच का प्रसारण भारतीय समय अनुसार रात 8:00 बजे से होगा। दोनों टीमों के बीच अब तक 22 मुकाबले हुए हैं। जिसमें से 11 मुंबई और 11 ही दिल्ली ने जीते हैं। मुंबई के घरेलू मैदान पर दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मुकाबले हुए हैं। जिसमें से 5 मैच मुंबई इंडियंस जीतने में सफल रही है और 2 दिल्ली ने जीते हैं। हालांकि, IPL के पिछले सीजन में दिल्ली ने मुंबई को हराया था। 

तीन बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस रोहित शर्मा की कप्तानी में पिछले सीजन में प्लेऑफ में भी नहीं पहुंच पाई थी। हालांकि अपने घरेलू मैदान से लीग की शुरुआत करने जा रही मुंबई जीत के साथ इस सीजन का आगाज करना चाहेगी। मुंबई इंडियंस के पास कप्तान रोहित के अलावा हार्दिक पांड्या, क्विंटन डीकॉक, कीरोन पोलार्ड, इशान किशन और युवराज सिंह जैसे बल्लेबाज हैं। 

दिल्ली के पास भी श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, पृथ्वी शॉ और शिखर धवन जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं। लीग के इतिहास में अब तक एक बार भी फाइनल तक नहीं पहुंच पाई दिल्ली की कमान युवा खिलाड़ी अय्यर के हाथों में है। दिल्ली को अपने हरफनमौला खिलाड़ी क्रिस मोरिस से भी काफी उम्मीदें होंगी। वहीं मिडिल ओवर में विकेट लेने की क्षमता मोरिस को एक शानदार खिलाड़ी बनाती है। 

दूसरी तरफ मुंबई को मिडिल ऑर्डर में हार्दिक और युवराज से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। गेंदबाजों की बात करें तो मुंबई में जसप्रीत बुमराह, मयंक मारकंडे और जेसन बेहरेनडॉर्फ जैसे स्टार गेंदबाज शामिल हैं। लेग स्पिनर मारकंडे ने पिछले सीजन में 14 मैचों में 15 विकेट झटके थे। नए नाम के साथ उतरने जा रही दिल्ली की गेंदबाजी में ट्रेंट बाउल्ट, ईशांत शर्मा और कगिसो रबादा जैसे शानदार गेंदबाज शामिल हैं, जो तेज आक्रमण को मजबूती देंगे, जबकि अनुभवी अमित मिश्रा स्पिन विभाग संभालेंगे। अमित IPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने IPL में  अब तक 136 मैचों में 146 विकेट झटके हैं। मिश्रा के नाम IPL में तीन हैट्रिक भी दर्ज हैं। 

टीमें : 

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, क्रुणाल पांड्या, इशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, मयंक मारकंडे, राहुल चहर, अनुकृति रॉय, सिद्धेश लाड, आदित्य तारे, क्विंटन डीकॉक, एविन लुईस, कीरोन पोलार्ड, बेन कटिंग, मिशेल मैकक्लेनेघन, एडम मिल्ने, जेसन बेहरेनडॉर्फ, अनमोलप्रीत सिंह, बरिंदर शरण, पंकज जायसवाल, रसिख सलाम, युवराज सिंह। 

दिल्ली कैपिटल्स : श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), पृथ्वी शॉ, अमित मिश्रा, आवेश खान, हर्षल पटेल, राहुल तेवतिया, जयंत यादव, मनजोत कालरा, कॉलिन मुनरो, क्रिस मोरिस, कगिसो रबादा, संदीप लामिछाने, ट्रेंट बाउल्ट, शिखर धवन, हनुमा विहारी, अक्षर पटेल, इशांत शर्मा, अंकुश बैंस, नाथू सिंह, कॉलिन इनग्राम, शेरफेन रदरफोर्ड, कीमो पॉल, जलज सक्सेना, बंडारू अयप्पा। 

Created On :   24 March 2019 6:43 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story