KKR vs MI : कोलकाता ने मुंबई को 34 रन से हराया, काम नहीं आई हार्दिक की साहसिक पारी

KKR vs MI live score live update live commentary
KKR vs MI : कोलकाता ने मुंबई को 34 रन से हराया, काम नहीं आई हार्दिक की साहसिक पारी
KKR vs MI : कोलकाता ने मुंबई को 34 रन से हराया, काम नहीं आई हार्दिक की साहसिक पारी
हाईलाइट
  • कोलकाता नाइटराइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच IPL-12 का 47वां मैच खेला गया।
  • मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
  • यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया।

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। कोलकाता नाइटराइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए IPL-12 के 47वें मैच में कोलकाता ने मुंबई को 34 रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 232 रन बनाए। कोलकाता के लिए आंद्र रसेल ने तूफानी पारी खेलते हुए 40 गेंदों पर 80 रन बनाए। वहीं शुभमन गिल ने 76 रन की पारी खेली। 233 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम ने कोलकाता को कड़ी टक्कर दी। मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 198 रन ही बना सकी। हार्दिक पंड्या ने 34 गेंदों पर 6 चौके और 9 छक्के की मदद से 91 रन की विस्फोटक पारी खेली। कोलकाता टीम की यह लगातार 6 मैच हारने के बाद पहली जीत है।

हार्दिक पंड्या की आंधी
233 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। 58 रन के अंदर मुंबई ने अपने शुरुआती चार बल्लेबाजों को खो दिया। क्विंटन डी कॉक (0), कप्तान रोहित शर्मा (12), एविन लुईस (15) और सुर्यकुमार यादव (26) कुछ खास नहीं कर सके और जल्दी आउट हो गए। इसके बाद कीरोन पोलार्ड और हार्दिक पंड्या ने मोर्चा संभालते हुए मुंबई की पारी को आगे बढ़ाया। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी निभाई। पोलार्ड 20 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होते ही हार्दिक ने ताबड़तोड़ छक्के-चौके लगाने शुरु कर दिए। हार्दिक और क्रुणाल ने छठे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की। हार्दिक ने अपने 50 रन केवल 17 गेंद में पूरे कर लिए थे। हार्दिक 18वें ओवर में हैरी गुर्नी का शिकार बने। आउट होने से पहले हार्दिक ने साहसिक पारी खेलते हुए 34 गेंदों पर 6 चौके और 9 छक्के की मदद से 91 रन बनाए। हालांकि उनकी यह पारी भी मुंबई को हार से नहीं बचा पाई और मुंबई की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 198 रन ही बना सकी। कोलकाता की ओर से सुनील नारायण, हैरी गुर्नी और आंद्रे रसेल ने 2-2 विकेट लिए। वहीं पीयूष चावला को 1 विकेट मिला।

रसेल-गिल की तूफानी पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता टीम की शुरुआत बेहतरीन रही। शुभमन गिल और क्रिस लिन ने मुंबई के गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। इन दोनों बल्लेबाजों ने 9 ओवर में दस के रनरेट से रन जोड़े। इस दौरान लिन ने अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि अर्धशतक बनाने के तुरंत बाद वह आउट हो गए। उन्होंने 29 गेंदों पर 8 चौके और 2 छक्के की मदद से 54 रन बनाए। इसके बाद शुभमन और आंद्रे रसेल ने मोर्चा संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की। आउट होने से पहले शुभमन ने 45 गेंदों पर 76 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के लगाए।

शुभमन के आउट होने तक कोलकाता ने 15.2 ओवर में 158 रन बना लिए थे। इसके बाद रसेल ने आक्रमक तेवर अपनाते हुए मुंबई के गेंदबाजों की खूब धुनाई की। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिनेश कार्तिक और रसले के बीच तीसरे विकेट के लिए 28 गेंदों पर 74 रन की पार्टनरशिप हुई, जिसमें कार्तिक का योगदान केवल 15 रन का रहा। रसेल 40 गेंदों पर 6 चौके और 8 छक्के की मदद से 80 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं कार्तिक 15 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। इस तरह कोलकाता ने 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 232 रन बनाए। कोलकाता का यह स्कोर आईपीएल के इतिहास में दूसरा सबसे स्कोर है। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 2013 में 5 विकेट पर 263 रन बनाए थे, जो कि आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है। मुंबई की ओर से राहुल चहर और हार्दिक पंड्या को 1-1 विकेट मिला।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं- 

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), एविन लुईस, सूर्यकुमार यादव, क्रुनाल पंड्या, हार्दिक पांड्या, कीरोन पोलार्ड, राहुल चाहर, लसिथ मलिंगा, जसप्रीत बुमराह, बरिंदर श्रान

कोलकाता नाइटराइडर्स : दिनेश कार्तिक (कप्तान/विकेटकीपर), क्रिस लिन, रॉबिन उथप्पा, सुनील नारायण, शुभमन गिल, नीतीश राणा, आंद्रे रसेल, पीयूष चावला, रिंकू सिंह, संदीप वॉरियर, हैरी गुर्नी

Created On :   28 April 2019 1:33 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story