IND vs ENG 2nd Test: गिल फिर बने रिकॉर्डधारी, दूसरी पारी में शतक जड़कर कोहली और गावस्कर जैसे दिग्गजों के कीर्तिमान किये ध्वस्त

- बर्मिंघम टेस्ट में जमकर चल रहा कप्तान गिल का बल्ला
- पहली पारी के बाद दूसरी में भी ठोका शतक
- कई रिकॉर्ड किए अपने नाम
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बर्मिंघम टेस्ट में के चौथे दिन का खेल जारी है। टी ब्रेक तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में 4 विकेट खोकर 304 रन बना लिए हैं। इस तरह इंग्लैंड के खिलाफ उसकी लीड 484 रन हो गई है। पहली पारी की तरह इस पारी में भी टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने शानदार बैटिंग की और शतक ठोक दिया। वह अभी 100 रन पर नाबाद हैं।
सुनील गावस्कर की बराबरी पर आए
मैच की पहली पारी में 269 और दूसरी पारी में 100 रन बनाने के साथ ही शुभमन गिल ने एक बड़ा माइलस्टोन छू लिया है। वे अब एक टेस्ट में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने लीजेंड्री क्रिकेटर सुनील गावस्कर के 344 रन का रिकॉर्ड तोड़ा है। गिल अब तक 369 से ज्यादा रन बना चुके हैं। उन्होंने जैसे ही 53वां ओवर डाल रहे शोएब बशीर की चौथी बॉल छक्का लगाकर दूसरी पारी में 76वां रन बनाया, उनके नाम यह कीर्तिमान दर्ज हो गया।
इसके साथ ही वे एक मैच की दोनों पारियों में दोहरा शतक और शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं। इससे पहले लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर ही ऐसा कर पाए थे।
विराट कोहली के रिकॉर्ड को भी तोड़ा
इसी के साथ गिल एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं। पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली (293) के नाम था, जो कि उन्होंने 2017 में दिल्ली टेस्ट में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था। इस मैच की पहली पारी में कोहली ने 243 और दूसरी में 50 रन बनाए थे।
बात करें मैच की तो भारत ने शनिवार सुबह अपने स्कोर 64/1 से आगे खेलना शुरू किया। पहली पारी में भारत 587 और इंग्लैंड 407 रन पर ऑलआउट हुआ। इस तरह टीम इंडिया को पहली पारी में 180 रन की बढ़त मिली थी।
Created On :   5 July 2025 8:39 PM IST