Sunil Gavaskar on Pakistan: 'बांग्लादेश का सपोर्ट करना था तो पूरा टूर्नामेंट छोड़ते..', सुनील गावस्कर ने पाकिस्तान को लगाई लताड़

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्डकप में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का अपना फैसला बदल लिया है। इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 1 फरवरी को ऐलान किया था कि वो 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा। उसने बांग्लादेश को वर्ल्डकप से बाहर किए जाने के विरोध में यह फैसला लिया था। हालांकि 10 दिन बाद ही पाकिस्तान ने यू-टर्न लेते हुए अपना फैसला बदल दिया।
गावस्कर ने की पाकिस्तान की आलोचना
हालांकि, पाकिस्तान इसे यू-टर्न न बताते हुए आईसीसी के खिलाफ अपनी जीत बता रहा है। लेकिन आलोचकों के मुताबिक इससे उसका कोई वास्तविक उद्देश्य पूरा नहीं हुआ। पूरा विवाद बांग्लादेश के वर्ल्डकप से बाहर होने को लेकर शुरू हुआ था। अब इस मामले पर भारत के लीजेंड क्रिकेट सुनील गावस्कर ने प्रतिक्रिया दी है।
सुनील गावस्कर ने पाकिस्तान की आलोचना करते हुए कहा कि यदि बांग्लादेश के सपोर्ट में खड़े थे तो पूरे टूर्नामेंट का बायकॉट करना चाहिए था। आजतक को दिए इंटरव्यू में गावस्कर ने कहा, वे (पाकिस्तान) कह रहे हैं कि बांग्लादेश के साथ खड़े हैं। लेकिन जब बांग्लादेश को श्रीलंका में अपने मैच खेलने की अनुमति ही नहीं मिली, तो आप कैसे कह सकते हैं कि आप उनके साथ खड़े हैं? बांग्लादेश तो टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है।
यह भी पढ़े -पाकिस्तानी टीवी शो पर चला राजीव शुक्ला का एआई से बना ऑडियो, बीसीसीआई उपाध्यक्ष ने बताई सच्चाई
'तो टूर्नामेंट का बहिष्कार करते..'
लिटिल मास्टर ने पाकिस्तान को लताड़ लगाते हुए कहा कि यदि वे वास्तव में बांग्लादेश के समर्थन में खड़े थे, तो उन्हें पूरे टूर्नामेंट का बायकॉट करना चाहिए था। यह कहना कि आपने बांग्लादेश को उसका हिस्सा दिलाने में सहायता की। लेकिन, क्या आपने उन्हें टूर्नामेंट में वापस दिलाया? नहीं। अगर आप सच में बांग्लादेश के साथ खड़े थे, तो आपको पूरे टूर्नामेंटसे हट जाना चाहिए था।
उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान केवल भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार क्यों कर रहा था? बांग्लादेश के मैच शिफ्ट करने के अनुरोध पर केवल भारत ही नहीं बल्कि अन्य देशों के क्रिकेट बोर्ड ने भी आपत्ति जताई थी। बोर्ड मीटिंग में 11-12 देशों ने भी कहा था कि बांग्लादेश के मैच श्रीलंका में शिफ्ट नहीं किए जा सकते। लेकिन आप उनके खिलाफ तो खेल रहे हैं। तो आप किस बात की बात कर रहे हैं?
Created On :   11 Feb 2026 10:33 PM IST













