Shreyas Iyer: जिम्बाब्वे से सीरीज शुरू होने से पहले टीम इंडिया कप्तान ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, कहा- निडर खेलें आलोचलों के दबाव में आकर नहीं

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टीम इंडिया जिम्बाब्वे से 3 मैचों की टी-20 सीरीज खेलने जा रही है। दोनों टीमों के बीच पहला मैच पहला मैच गुरुवार (23 जुलाई) को हरारे में खेला जाएगा। भारतीय टीम सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी क्योंकि इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए 5 मैचों की टी-20 सीरीज हार चुकी है। मुकाबले से एक दिन पहले यानी बुधवार को भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर का ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है।
निडर होकर क्रिकेट खेलें- अय्यर
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर चाहते हैं कि उनकी टीम के खिलाड़ी निडर होकर क्रिकेट खेलें और आलोचनाओं के दबाव में नहीं आएं। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड दौरे के निराशाजनक नतीजों ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज से पहले टीम को और करीब ला दिया है।
टी20 मैच से पहले श्रेयस अय्यर ने कहा, "इंग्लैंड में हमारा समय मुश्किल भरा रहा, लेकिन उससे कई सकारात्मक चीजें भी सामने आईं। हमें पता चला कि आगे बढ़ने के लिए एक टीम के रूप में हमें क्या तैयार करना है, मैदान पर उतरने के बाद किस तरह की मानसिकता, जागरूकता और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की जरूरत है।"
पहली बार जिम्बाब्वे दौरे पर आए अय्यर
पहली बार जिम्बाब्वे दौरे पर आए अय्यर ने कहा कि सबसे बड़ी चुनौती कम समय में परिस्थितियों के अनुकूल ढलने की होगी। उन्होंने कहा, "हममें से कुछ खिलाड़ी यहां पहली बार खेल रहे हैं, इसलिए जितनी जल्दी हम परिस्थितियों को समझेंगे, उतने ही बेहतर परिणाम हासिल कर पाएंगे।"
उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि उन्हें असफलता से डरना चाहिए. जब आपके दिमाग में ऐसे विचार होते हैं तो आप खुद को बचाने के लिए खेलते हैं। जब डर नहीं होता, तब आप अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकते हैं। हमें इस बात के बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहिए कि बाहर लोग क्या कह रहे हैं। हमें वर्तमान पर ध्यान देना होगा। जितना अच्छा क्रिकेट हम खेलेंगे और एक इकाई के रूप में जितना बेहतर प्रदर्शन करेंगे, टीम के लिए उतना ही अच्छा होगा।"
इंग्लैंड से सीधे जिम्बाब्वे पहुंचने और केवल एक अभ्यास सत्र के बाद मैच खेलने की स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने कहा, "यह निश्चित रूप से बहुत चुनौतीपूर्ण है। हम कल यहां पहुंचे, आज अभ्यास है और कल मैच है, लेकिन यह मजेदार भी है। अगर आप ऐसी परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो आपको खुद पर निश्चित रूप से गर्व महसूस होगा।"
सभी युवा खिलाड़ियों ने निश्चित रूप से अभ्यास किया होगा। टी20 सीरीज के बाद उन्हें अच्छा खासा समय मिला है। जहां वैभव से गलती हुई होगी, उसने उसे जरूर सुधारा होगा, इसलिए व्यक्तिगत रूप से मुझे उसे ज्यादा सलाह देने की जरूरत नहीं है।
Created On :   22 July 2026 10:21 PM IST











