बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए भक्त तैयार, शिवलिंग ने लिया पूर्ण आकार

बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए भक्त तैयार, शिवलिंग ने लिया पूर्ण आकार

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। पवित्र गुफा अमरनाथ से बाबा बर्फानी की गुरुवार को पहली तस्वीर सामने आई है। इस तस्वीर में बाबा बर्फानी 12 फीट का आकार लिए हुए नजर आ रहे हैं। इस बार बाबा अपने भक्तों को पूर्ण आकार में दर्शन देंगे। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि यात्रा के कई दिनों तक भक्त बाबा के दर्शन कर सकेंगे। साल 2018 के लिए अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 28 जून से होने जा रही है, जिसके लिए पहले ही हजारों श्रद्धालुओं ने अपने पंजीकरण करा लिया है।

 

 

श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण

अमरनाथ यात्रा के लिए बीती 27 अप्रैल से पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। जिसमें लाखों श्रद्धालुओं ने अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार 1 लाख से अधिक श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हो सकते हैं। रजिस्ट्रेशन पंजाब नेशनल बैंक, जम्मू-कश्मीर बैंक और यस बैंक की शाखाओं के जरिए अभी भी जारी हैं। जिसको देखते हुए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। अमरनाथ गुफा और जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर भी कड़े इंतजाम करना शुरू कर दिया गया है।

राज्यपाल ने की तैयारियों की समीक्षा 

गुरुवार को राज्यपाल एन एन वोहरा ने भी राज्य सरकार के तमाम अधिकारियों के साथ अमरनाथ यात्रा की तैयारियों को लेकर समीक्षा की। इस उच्च स्तरीय बैठक में राज्य के मुख्य सचिव बीबी व्यास और पुलिस महानिदेशक एसपी वैद समेत कई अन्य अधिकारी शामिल हुए। जानकारी के मुताबिक राज्यपाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अधिकारियों ने सुरक्षा समेत यात्रा से जुड़े अन्य इंतजामों की समीक्षा की, जिसके बाद राज्यपाल ने अधिकारियों को सभी तैयारियों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

 


अमरनाथ गुफा का इतिहास

श्रद्धालुओं का मानना है कि शिवलिंग प्राकृतिक रूप से बनता है। गुफा में बूंद-बूंद पानी नीचे टपकता है, जहां धीरे-धीरे बर्फ के रूप में पानी परिवर्तित हो जाता है। अमरनाथ गुफा को एक पवित्र तीर्थस्थल माना जाता है, जिसमें बर्फ का एक बुलबुला बनता है। जिसका आकार रोज थोड़ा-थोड़ा बढ़ता है, यह कई फीट तक ऊंचा हो जाता है, चांद के घटने के साथ ही शिवलिंग भी घटना शुरू हो जाता है, और चांद के विलुप्त होने पर शिवलिंग भी विलुप्त हो जाता है। 

Created On :   4 May 2018 6:59 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story