Second Sawan Somwar 2025: सावन के दूसरे सोमवार पर बन रहे हैं ये शुभ योग, जानिए मुहूर्त और पूजा विधि

- सावन का दूसरा सोमवार 21 जुलाई 2025 को है
- सर्वार्थ सिद्धि और अमृत सिद्धि योग बन रहा है
- सोमवार को सर्वार्थ सिद्धि योग पूरे दिन बना रहेगा
डिजिटल डेस्क, भोपाल। सावन का महीना चल रहा है और हिन्दू धर्म में इसका बड़ा महत्व है। वैसे तो यह पूरा महीना ही भोलेनाथ को समर्पित है, लेकिन सोमवार के दिन शिवालयों में भक्तों की काफी भीड़ उमड़ती है। इस दिन लोग व्रत रखते हैं और शिवालय पहुंचकर पूरे विधि- विधान से महादेव की पूजा करते हैं। इस सावन कुल चार सोमवार हैं, जिनमें से एक निकल चुका है और दूसरा सोमवार 21 जुलाई को है।
ज्योतिषियों के अनुसार, इस दिन सर्वार्थ सिद्धि और अमृत सिद्धि योग बन रहा है। ऐसा कहा जाता है कि, महादेव सिर्फ पूरे मन और श्रद्धा से की गई पूजा से ही प्रसन्न हो जाते हैं। ऐसे में आप इन योग में पूजा कर सकते हैं। आइए जानते हैं इन शुभ योग, मुहूर्त और पूजा विधि के बारे में...
सावन सोमवार का शुभ मुहूर्त और योग
ब्रह्म मुहूर्त: यह मुहुूर्त सुबह 4 बजकर 14 मिनट से 04 बजकर 55 मिनट तक रहेगा।
अभिजीत मुहूर्त: दोपहर 12 बजे से दोपहर 12 बजकर 55 मिनट तक रहेगा।
विजय मुहूर्त: दोपहर 2 बजकर 44 मिनट से 03 बजकर 39 मिनट तक रहेगा।
अमृत सिद्धि योग: रात 9 बजकर 7 मिनट से अगले दिन सुबह 05 बजकर 07 मिनट तक रहेगा।
सर्वार्थ सिद्धि योग: यह योग सोमवार को पूरे दिन बना रहेगा।
पूजा विधि
सावन के सोमवार का व्रत करने के लिए जल्दी सुबह उठकर सबसे पहले स्नान करें। इसके बाद व्रत का संकल्प लें और फिर भगवान शिव को जल चढ़ाकर भगवान शिव का मंत्र जपें। इसके बाद पूरे दिन निराहार रहते हुए भगवान शिव को शमी, बेल पत्र, कनेर, धतूरा, चावल, फूल, धूप, दीप, फल, पान, सुपारी आदि चढ़ाएं। आप पूजा के दौरान सबसे सरल और शिव जी का मूल मंत्र "ऊँ नम: शिवाय", कर सकते हैं, जिसका जाप करने से हर प्रकार की समस्या से छुटकारा मिलता है।
महामृत्युंजय मंत्र
– ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्।
उर्वारुकमिव बन्धनान मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्॥
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :   19 July 2025 3:20 PM IST