Shardiya Navratri 2026: 5वें नवरात्रि मां स्कंदमाता की पूजा से पूरी होगी भक्तों की मनोकामनाएं, जानें पूजा विधि और महत्व

5वें नवरात्रि मां स्कंदमाता की पूजा से पूरी होगी भक्तों की मनोकामनाएं, जानें पूजा विधि और महत्व
भगवान कार्तिकेय का एक नाम स्कंद भी है। मां दुर्गा इस स्वरूप में भगवान स्कंद की माता हैं, इसलिए उन्हें स्कंदमाता कहा जाता है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। शारदीय नवरात्रि के पांचवें दिन मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की पूजा की जाती है। मां स्कंदमाता को प्रेम, ममता, सुख-समृद्धि और संतान सुख प्रदान करने वाली देवी माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि, सच्चे मन से मां की पूजा करने वाले भक्तों को सुख, शांति और खुशहाली का आशीर्वाद मिलता है। शास्त्रों के अनुसार, भगवान कार्तिकेय का एक नाम स्कंद भी है। मां दुर्गा इस स्वरूप में भगवान स्कंद की माता हैं, इसलिए उन्हें स्कंदमाता कहा जाता है। आइए जानते हैं माता के स्वरूप, मंत्र, प्रिय भोग और पूजा विधि के बारे में...

कैसा है मां स्कंदमाता का स्वरूप

मां स्कंदमाता का स्वरूप बेहद शांत, सुंदर और दिव्य माना जाता है। उनकी चार भुजाएं हैं। मां की दो भुजाओं में कमल के फूल सुशोभित रहते हैं, जबकि एक हाथ से वे भगवान स्कंद को गोद में धारण करती हैं। उनका एक हाथ भक्तों को आशीर्वाद देने की मुद्रा में रहता है। मां कमल के आसन पर विराजमान रहती हैं, इसलिए उन्हें पद्मासना देवी भी कहा जाता है। उनका वाहन सिंह है। मां का यह स्वरूप भक्तों को साहस, धैर्य, प्रेम और सकारात्मकता का संदेश देता है।

मां स्कंदमाता को कौन-सा भोग लगाएं?

मां स्कंदमाता को केले का भोग लगाना शुभ माना जाता है। इसके अलावा श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और परंपरा के अनुसार अन्य फल, मिठाई और सात्विक पकवान भी अर्पित कर सकते हैं। पूजा के बाद भोग को प्रसाद के रूप में परिवार और अन्य श्रद्धालुओं में जरूर बांटें।

कैसे करें मां स्कंदमाता की पूजा?

  • नवरात्रि के पांचवें दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें।
  • इसके बाद पूजा स्थल की सफाई करके मां दुर्गा और मां स्कंदमाता की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें।
  • सबसे पहले मां के सामने दीपक जलाएं और पूजा का संकल्प लें।
  • मां को फूल, अक्षत, रोली, चंदन और धूप अर्पित करें।
  • मां स्कंदमाता को केले या अन्य फल का भोग लगाएं।
  • मां के मंत्र का जाप करें और दुर्गा चालीसा या दुर्गा सप्तशती का पाठ करें।
  • अंत में मां की आरती करें और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करें।

मां स्कंदमाता का प्रिय मंत्र

1. ॐ देवी स्कन्दमातायै नमः॥

2. सिंहासनगता नित्यं पद्माश्रितकरद्वया।

शुभदास्तु सदा देवी स्कन्दमाता यशस्विनी॥

डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।

Created On :   14 Oct 2026 6:14 PM IST

Tags

Next Story