The Odyssey: 'भारत सिनेमा का भविष्य दिखा रहा है', मुंबई में 'द ओडिसी' के प्रीमियर पर बोले क्रिस्टोफर नोलन; शेखर कपूर के साथ काम करने की जताई इच्छा

भारत सिनेमा का भविष्य दिखा रहा है, मुंबई में द ओडिसी के प्रीमियर पर बोले क्रिस्टोफर नोलन; शेखर कपूर के साथ काम करने की जताई इच्छा
हॉलीवुड स्टार मैट डेमन शुक्रवार को फिल्म ‘द ओडिसी’ के इंडियन प्रीमियर के लिए मुंबई पहुंचे, जहां उनके साथ क्रिस्टोफर नोलन, टॉम हॉलैंड और प्रोड्यूसर एमा थॉमस भी मौजूद रहीं।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। हॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द ओडिसी' का वर्ल्ड प्रीमियर पहली बार मुंबई में आयोजित कर भारत के प्रति अपने खास लगाव को जाहिर किया। प्रीमियर के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में नोलन के साथ अभिनेता टॉम हॉलैंड, मैट डेमन, निर्माता एमा थॉमस और फिल्म की टीम मौजूद रही। इस दौरान नोलन ने भारत में अपने अनुभव, भारतीय सिनेमा के भविष्य और अभिनेता मैट डेमन ने शेखर कपूर के साथ काम करने की इच्छा पर खुलकर बात की।

नोलन ने कहा कि उन्हें भारत में दो बार काम करने का अवसर मिला है, एक बार जोधपुर और दूसरी बार मुंबई में। दोनों ही अनुभव उनके लिए बेहद यादगार रहे। उन्होंने कहा, "एक फिल्ममेकर की नजर से भारत बेहद खूबसूरत देश है। यहां हर तरफ ऐसी चीजें दिखाई देती हैं जिन्हें कैमरे में कैद करने का मन करता है। हर जगह कहानियां, रंग, टेक्सचर और जीवन नजर आता है। स्थानीय क्रू के साथ काम करना शानदार अनुभव रहा। हमारे असिस्टेंट डायरेक्टर्स, कैमरा टीम और पूरी यूनिट बेहद प्रोफेशनल थी।"

अभिनेता मैट डेमन ने भारतीय फिल्मकार शेखर कपूर का विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अपने करियर की शुरुआत में जिन निर्देशकों के साथ वह सबसे ज्यादा काम करना चाहते थे, उनमें शेखर कपूर का नाम सबसे ऊपर था। उन्होंने बताया, "किसी वजह से मैं 'द फोर फेदर्स' का हिस्सा नहीं बन पाया था। उस समय मैं बॉर्न फिल्म से जुड़ गया था। उस बात का अफसोस आज भी है। पिछले करीब 20 सालों से मेरे मन में यह इच्छा है कि कभी शेखर कपूर के साथ काम करने का मौका मिले।"

वहीं निर्माता एमा थॉमस ने कहा कि भारत दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां लोग आज भी थिएटर में जाकर फिल्में देखने का जुनून रखते हैं। उन्होंने कहा, "भारत सिनेमा से बेहद प्यार करने वाला देश है। यहां बॉलीवुड के साथ-साथ दूसरी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री भी बेहद समृद्ध है। हॉलीवुड में अक्सर यह चर्चा होती है कि लोग सिनेमाघरों में कम जा रहे हैं, लेकिन भारत इस सोच को गलत साबित कर रहा है। भारत हमें दिखा रहा है कि सिनेमा का भविष्य थिएटर में ही है।"

उन्होंने आगे कहा कि हॉलीवुड के लिए भारत अब सिर्फ एक बड़ा बाजार नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण फिल्म संस्कृति वाला देश भी है। "हमें बेहद खुशी है कि हम अपनी फिल्म भारत लेकर आए हैं। आने वाले समय में और भी हॉलीवुड फिल्में यहां रिलीज होंगी। सबसे बड़ी बात यह है कि हमारी फिल्मों को भारतीय दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। एक निर्माता के तौर पर इससे बड़ा सौभाग्य क्या हो सकता है कि हमारी फिल्में दुनिया भर के लोगों से जुड़ें, और भारत इस सफर का अहम हिस्सा बने।"

'द ओडिसी' के मुंबई प्रीमियर ने यह भी साबित कर दिया कि भारतीय दर्शक अब सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि वैश्विक सिनेमा के लिए भी सबसे अहम दर्शकों में शामिल हो चुके हैं। मुंबई में अपनी फिल्म का भव्य प्रीमियर आयोजित कर नोलन और उनकी टीम ने भारतीय बाजार और यहां के दर्शकों के प्रति अपना विश्वास भी साफ तौर पर जाहिर किया।

Created On :   11 July 2026 2:24 PM IST

Tags

Next Story