Cheque Bounce Case: तीन महीने जेल में रहेंगे राजपाल यादव, चेक बाउंस केस में दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनाई सजा, करोड़ों का लगाया जुर्माना

तीन महीने जेल में रहेंगे राजपाल यादव, चेक बाउंस केस में दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनाई सजा, करोड़ों का लगाया जुर्माना
राजपाल यादव चेक बाउंस मामले में दोबारा से जेल जाएंगे। दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा, 'अंडरटेकिंग का पालन करने के लिए कई मौके दिए गए लेकिन इसका पालन नहीं किया गया।'

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राजपाल यादव को लेकर एक हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव की अपील खारिज हो गई है। एक्टर को चेक बाउंस मामले में दोबारा जेल जाना होगा। दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें तीन महीने जेल की सजा सुनाई है। इसके साथ ही राजपाल यादव पर भारी जुर्माना भी लगाया है। आज 10 जुलाई शुक्रवार को दिल्ली हाई कोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई और हाई कोर्ट ने उनके कन्विक्शन को बरकरार रखा है।

राजपाल यादव कितने महीने रहेंगे जेल में

हाई कोर्ट ने चेक बाउंस के सभी सात मामलों में तीन-तीन महीने के साधारण कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने आदेश दिया कि सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी, इसलिए उन्हें कुल तीन महीने की ही सजा भुगतनी होगी। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच ने राजपाल यादव द्वारा निचली अदालत के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज करते हुए कन्विक्शन को कायम रखा है। जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा ने कहा कि राजपाल यादव को अदालत में दिए गए अपने अंडरटेकिंग का पालन करने के लिए कई मौके दिए गए, लेकिन उन्होंने बार-बार अवसर मिलने के बावजूद उसका पालन नहीं किया।

कोर्ट ने कितना जुर्माना लगाया

अदालत ने हर मामले में 1.05 करोड़ का जुर्माना भी लगाया है। इस तरह सातों मामलों में कुल जुर्माना 7.35 करोड़ बनता है। अदालत के आदेश के अनुसार, हर मामले में 1 करोड़ 4 लाख 75 हजार शिकायतकर्ता को और 25 हजार राज्य को अदा किए जाएंगे।

क्या था पूरा मामला

राजपाल यादव ने 2010 में एक फिल्म बनाई थी इसका नाम था अता पता लापता। फिल्म के लिए राजपाल यादव ने 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। हालांकि, राजपाल यादव का कहना था कि ये एक इंवेस्टमेंट था। राजपाल यादव ये लोन चुका नहीं पाए और ये बढ़कर 9 करोड़ हो गया। इसी केस में उन्होंने 5 फरवरी 2026 में तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। जिसके बाद बॉलीवुड की तमाम सितारों ने भी उनकी मदद की थी।

Created On :   10 July 2026 3:34 PM IST

Tags

Next Story