Exclusive Interview: इफ्फी में ‘कृष्णावतारम’ की स्क्रीनिंग, ‘दैनिक भास्कर’ से एक्सक्लूसिव बातचीत में निर्देशक हार्दिक गुज्जर ने किया अगली फिल्म का खुलासा

इफ्फी में ‘कृष्णावतारम’ की स्क्रीनिंग, ‘दैनिक भास्कर’ से एक्सक्लूसिव बातचीत में निर्देशक हार्दिक गुज्जर ने किया अगली फिल्म का खुलासा
फिल्म ‘कृष्णावतारम’ के निर्देशक हार्दिक गुज्जर अब महाभारत के अभिमन्यु की अनकही कहानी बड़े पर्दे पर दिखाएंगे। इफ्फी में ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में उन्होंने अपनी अगली फिल्म का खुलासा किया। जानिए फिल्म की शूटिंग, कास्टिंग और कहानी से जुड़ी खास बातें। साथ ही इफ्फी में लता मंगेशकर, आशा भोसले और एस. जानकी को दी गई श्रद्धांजलि और आशुतोष गोवारिकर की खास बातें।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। गोवा में चल रहे 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में अपनी फिल्म ‘कृष्णावतारम’ की स्क्रीनिंग के दौरान निर्देशक हार्दिक गुज्जर ने ‘दैनिक भास्कर’ से एक्सक्लूसिव बातचीत में अपनी अगली फिल्म का खुलासा किया। ‘कृष्णावतारम’ के जरिए भगवान कृष्ण की कहानी को नए अंदाज में पेश करने के बाद अब वह महाभारत के एक ऐसे किरदार की कहानी बड़े पर्दे पर लाने जा रहे हैं, जिसे आमतौर पर चक्रव्यूह में वीरगति पाने वाले योद्धा के रूप में ही याद किया जाता है। यह किरदार है अभिमन्यु। निर्देशक का कहना है कि अभिमन्यु की कहानी सिर्फ चक्रव्यूह के छह द्वार भेदने और सातवें द्वार का रहस्य न जान पाने तक सीमित नहीं है। उनके जीवन, संस्कारों और युद्ध में उनकी भूमिका के कई ऐसे पहलू हैं, जिन पर विस्तार से बात किए जाने की जरूरत है।

अभिमन्यु सिर्फ चक्रव्यूह के योद्धा नहीं

हार्दिक गुज्जर के कहा, 16 साल की उम्र में युद्धभूमि में उतरने वाले अभिमन्यु के भीतर इतना साहस और दृढ़ता कहां से आई, यह उनकी फिल्म का अहम विषय होगा। वह उनके जीवन में गर्भ संस्कार और पारिवारिक मूल्यों की भूमिका को भी सामने लाना चाहते हैं। निर्देशक कहते हैं, ‘लोगों को अभिमन्यु के बारे में इतना पता है कि वह चक्रव्यूह में गए, छह द्वार भेदे और सातवें द्वार का ज्ञान नहीं होने के कारण वीरगति को प्राप्त हुए। लेकिन सवाल यह है कि उन्होंने छह द्वार भेदना सीखा कहां से? उनके भीतर इतने संस्कार और साहस आए कहां से? मैं उनकी कहानी के पीछे छिपे इन्हीं पहलुओं को दिखाना चाहता हूं।’ युद्ध में जाने से पहले कुंती उन्हें एक रक्षाबंधन बांधती हैं, इसका भी जिक्र जगहों पर है। मैं ग्रंथों पर आधारित ऐसी ही अनसुने पहलुओं पर फिल्म बना रहा हूं।

नए चेहरे होंगे शामिल

निर्देशक ने बताया कि अभिमन्यु पर बनने वाली इस फिल्म की शूटिंग अगले साल जून में शुरू होगी। फिल्म में सभी कलाकार नए चेहरे होंगे और फिलहाल कास्टिंग के लिए ऑडिशन जारी हैं। हालांकि, उन्होंने कलाकारों के नाम का खुलासा नहीं किया। हार्दिक के मुताबिक, उनका उद्देश्य सिर्फ किसी पौराणिक किरदार की वीरता या एक्शन दिखाना नहीं, बल्कि उसकी कहानी के जरिए आज की पीढ़ी तक कोई विचार पहुंचाना है। इफ्फी में ऐसे ही उत्साही युवा आते हैं जिनसे मुझे अपनी फिल्म को ज्यादा लोगों तक पहुंचने में मदद मिलती है।

इफ्फी में यह भी रहा खास...

लता मंगेशकर, आशा भोसले और जानकी को दी श्रद्धांजलि

इफ्फी के छठे दिन भारतीय संगीत जगत की तीन दिग्गज गायिकाओं लता मंगेशकर, आशा भोसले और एस. जानकी को याद करते हुए विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें अभिनेत्री और फिल्मकार सुहासिनी मणिरत्नम तथा दक्षिण भारतीय सिनेमा की मशहूर पार्श्व गायिका के. एस. चित्रा ने अपने अनुभव साझा किए। के. एस. चित्रा को ‘नाइटिंगेल ऑफ साउथ इंडिया’ के नाम से भी जाना जाता है। सत्र के दौरान के. एस. चित्रा ने लता मंगेशकर से जुड़ा एक भावुक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि एक करीबी के निधन के बाद लता जी की गायकी में बड़ा बदलाव आया था। वह अपनी निजी पीड़ा को गायन में नहीं आने देना चाहती थीं और उन्होंने अपना पूरा जीवन संगीत को समर्पित किया। वहीं, आशा भोसले हमेशा अपनी बड़ी बहन लता मंगेशकर की छाया से अलग अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष करती रहीं। उन्हें लता जी से अपनी तुलना किया जाना पसंद नहीं था। चित्रा ने बताया कि स्टूडियो में आशा जी के आने पर लोग हंसी-मजाक करते थे, लेकिन लता जी के आते ही सभी उन्हें एक लीजेंड की तरह सम्मान देते हुए शांत हो जाते थे। एस. जानकी से जुड़ा किस्सा सुनाते हुए उन्होंने बताया कि लंबे समय तक उनके योगदान को उचित सम्मान नहीं मिला। जब उन्हें पद्म विभूषण देने की घोषणा हुई, तो उन्होंने इसे लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि जब उन्हें वास्तव में सम्मान की जरूरत थी, तब उनके काम को नहीं पहचाना गया और अब जब उन्हें इसकी जरूरत नहीं है, तब सम्मान दिया जा रहा है।

वीएफएक्स और एआई पर बात बंद करें -आशुतोष गोवारिकर

आशुतोष गोवारिकर इस बार 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (इफ्फी ), गोवा के फेस्टिवल डायरेक्टर हैं। उन्होंने वेव्स फिल्म बाजार के 20 वें एडिशन में हिस्सा लिया और इस मंच से कहा कि इस बार हमने हर क्षेत्र की फिल्म को जगह देने की कोशश की है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय फिल्म को भी प्राथमिकता दी है। हमने सब टाइटल पर पहली बार सेशन रखा है। मुझे लगता है अब बस हो गया हमें अब वीएफएक्स और एआई पर बात करना छोड़ फिल्म की कहानी पर बात करनी चाहिए। मैं कई सालों से देखा रहा हूं की हम भव्यता पर बात करते हैं कहानी पर कोई चर्चा ही नहीं करता। स्टीवन स्पीलबर्ग की फिल्मों में हम डायनासोर पर बात करते थे ना कि उनके वीएफएक्स पर। वह दौर अब लौटना चाहिए।

इफ्फी में दिखाई गयी ‘अमिट अटल’

25 नवंबर को डॉक्यूमेंट्री ‘अमिट अटल’ की स्क्रीनिंग हुई। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन हितेश शंकर ने किया है। इसमें अटल जी के स्वयंसेवक, प्रचारक, कवि, पत्रकार, संपादक से प्रधानमंत्री बनने तक के सफर के अनछुए पहलुओं और ऐतिहासिक प्रसंगों को दिखाया गया है। इस बार इफ्फी में स्पेन की चार फिल्में दिखाई जाएंगी, जबकि रूस साझेदार देश है और उसकी चार फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग होगी।

Created On :  

Tags

Next Story