Chhath-sindoor Controversy: बिहारी महिलाओं और छठ-सिंदूर पर टिप्पणी करने वाले कॉमेडियन यश महेश्वरी के खिलाफ एफआईआर, पुलिस ने दर्ज किया केस

बिहारी महिलाओं और छठ-सिंदूर पर टिप्पणी करने वाले कॉमेडियन यश महेश्वरी के खिलाफ एफआईआर, पुलिस ने दर्ज किया केस
यश महेश्वरी अपने एक शो में आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं। दिल्ली के साकेत में हुए एक स्टैंड अप शो के दौरान बिहार की महिलाओं, छठ पर्व और सिंदूर की परंपरा को लेकर अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। स्टैंडअप कॉमेडी के नाम पर की गई टिप्पणियां विवाद का कारण बन जाती हैं। कई बड़े कॉमेडियन पर केस हो चुके हैं। इसी बीच अब कॉमेडियन यश महेश्वरी अपने एक शो में आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कानूनी मुश्किलों में घिर गए हैं। दिल्ली के साकेत में हुए एक स्टैंड अप शो के दौरान बिहार की महिलाओं, छठ पर्व और सिंदूर की परंपरा को लेकर अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। इस मामले को लेकर राजनीतिक विरोध भी तेज हो गया है और लोक जनशक्ति पार्टी के सदस्यों ने कॉमेडियन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के बाद दर्ज हुई एफआईआर

दिल्ली पुलिस ने लेखक और कवि नीलोत्पल मृणाल की शिकायत पर यश महेश्वरी के खिलाफ साकेत थाने में एफआईआर दर्ज की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 24 अक्टूबर को दक्षिण दिल्ली के साकेत स्थित एक क्लब में आयोजित कॉमेडी शो के दौरान बिहार की महिलाओं, उनकी धार्मिक भावनाओं और सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 196, 296 और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने कॉमेडियन के साथ कार्यक्रम के आयोजकों और कॉमेडी क्लब के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही शो की वीडियो रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल सामग्री की जांच करने की अपील की गई है।

लोक जनशक्ति पार्टी ने भी जताया विरोध

इस मामले को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी के सदस्यों ने भी पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है। पार्टी की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष चंद्रप्रभा भाटिया ने आरोप लगाया कि कॉमेडियन की टिप्पणियों से महिलाओं की गरिमा और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। चंद्रप्रभा भाटिया ने सरकार से मांग की कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई महिलाओं के सम्मान और गरिमा को लेकर इस तरह की टिप्पणी न करे।

कॉमेडियन ने मांगी माफी

इस विवाद ने तब और तूल पकड़ लिया जब यश महेश्वरी ने 21 नवंबर 2026 को कथित तौर पर अपना स्टैंडअप वीडियो अपलोड किया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 24 अक्टूबर को साकेत के एक कॉमेडी क्लब में हुए शो की रिकॉर्डिंग है। विवाद बढ़ने के बाद यश महेश्वरी ने वीडियो हटा दिया और सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी। खबरों के मुताबिक, उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डीएक्टिवेट कर दिया है। हालांकि, माफी के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ है। दिल्ली और बिहार में शिकायतों और कानूनी कार्रवाई की खबरों के बीच अब पुलिस वीडियो और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।

Created On :  

Tags

Next Story