Exclusive Interview: मुकेश छाबड़ा ने किया खुलासा, शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग' रिलीज के लिए तैयार, लेकिन कास्टिंग अब भी जारी

मुकेश छाबड़ा ने किया खुलासा, शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग रिलीज के लिए तैयार, लेकिन कास्टिंग अब भी जारी
शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ रिलीज के करीब है, लेकिन इसकी कास्टिंग अब भी जारी है। इफ्फी 2026 में कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में फिल्म की कास्टिंग, रोजाना 8 से 10 हजार ऑडिशन देने आने वाले युवाओं और अपने संघर्ष के दिनों से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए। जानिए ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ और ‘दंगल’ की कास्टिंग के अनसुने किस्से।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। फिल्मों में सितारों की चमक पर्दे पर दिखाई देती है, लेकिन उस चमक के पीछे सही चेहरों की तलाश में कास्टिंग डायरेक्टर की कितनी मेहनत लगती है, यह कम ही लोग जानते हैं। मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने इफ्फी 2026 के सांतवें दिन आयोजित मास्टरक्लास के दौरान दैनिक भास्कर से बातचीत में कास्टिंग की दुनिया के कई दिलचस्प राज खोले। उन्होंने बताया कि शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘किंग’ रिलीज के करीब है, लेकिन इसके लिए अब भी कास्टिंग जारी है। उनके मुताबिक, जब तक किसी किरदार के लिए सही कलाकार नहीं मिल जाता, तलाश खत्म नहीं होती। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उनके अंधेरी स्थित आराम नगर के ऑफिस में रोजाना 8 से 10 हजार युवा ऑडिशन देने पहुंचते हैं। बातचीत में उन्होंने ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ की मुश्किल कास्टिंग, ‘दंगल’ के लिए 14 हजार लड़कियों के ऑडिशन और अपने संघर्ष के दिनों को भी याद किया।

‘किंग’ के लिए अब भी जारी है कास्टिंग

मुकेश छाबड़ा ने शाहरुख खान की आगामी फिल्म किंग पर खुलासा करते हुए कहा कि किंग रिलीज होने वाली है लेकिन उसकी कास्टिंग अब भी चल रही है। फिल्म पर काम आख्रिरी समय तक चलता है। हम उसके लिए अब तक कास्टिंग कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने इस बात का खुलासा नहीं किया कि कास्टिंग किस किरदार के लिए हो रही है लेकिन उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री में काम तो ऐसे ही होता है। जब तक हमें किरदार के लिए सही व्यक्ति न मिल जाए। हम काम करते रहते हैं। बता दें शाहरुख खान की फिल्म 24 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। इसके अलावा उन्होंने कहा बताया कि वह आशुतोष गोवारिकर की आगमी फिल्म ललकारा के लिए भी कास्टिंग कर रहे हैं।

रोजाना 10000 लोग ऑडिशन के लिए आते हैं

मुकेश छाबड़ा कहते हैं, मेरे आराम नगर के दफ्तर में रोजाना 8 से 10 हजार लोग रोजाना ऑडिशन के लिए आते हैं। लेकिन उनमे से कुछ ही हैं जो अभिनय के प्रति गंभीर हैं या जिन्होंने अभिनय सीखा है सब ग्लैमर इंडस्ट्री की चमक में आ जाते हैं। इनमे 20 से 30 साल के युवा सबसे ज्यादा हैं। 40, 50 या 60 के एक्टर्स की संख्या बहुत कम है। 10000 में से मुश्किल से 100 एक्टर्स 40 प्लस होंगे।

रिजेक्शन काम का हिस्सा है

अपने स्ट्रगल पर उन्होंने कहा, मेरे पास फिलहाल 100 फिल्मों की कास्टिंग का काम है जो लगभग 5 सालों तक चलेगा। लेकिन एक समय ऐसा भी था जब मुंबई में मेरे बहुत बुरे दिन गुजरे हैं। मैं जब निर्माता को कहता था कि मैं आपको अच्छे एक्टर्स चुनकर दे सकता हूं तो निर्माता मुझे गेट पर से ही भगा देते थे। एक बार मिलने के लिए भी घंटों तक इंतजार करवाते थे। मैं एक मीटिंग के लिए 6-6 घंटे बाहर खड़ा रहता था पर वह मुझसे मिलते तक नहीं थे और आज वही निर्माता मेरे लिए घंटों इंतजार करते हैं। इसलिए मैं रिजेक्शन को काम का हिस्सा समझता हूं। एक्टर्स को भी ऐसे ही उम्मीद रखकर काम मिलने के लिए मेहनत करनी चाहिए।

गैंग्स ऑफ वासेपुर की कास्टिंग सबसे मुश्किल

गैंग्स ऑफ वासेपुर ने मेरी जिंदगी बदल दी लेकिन उसकी कास्टिंग मेरे लिए बहुत मुश्किल रही थी। वह मेरा शुरुआती दौर था। फिल्म भी 2 भाग में बन रही थी। उस समय फिल्म के लिए 384 लोगों की कास्टिंग करनी पड़ी थी। जो करीबन डेढ़ साल तक चली थी। नवाज, पंकज, हुमा के किरदार बाद में हिट हुए लेकिन उसकी कास्टिंग में कई मुश्किलें आई। उसके बाद मुझे कोई परेशानी नहीं हुई। दंगल के लिए मैंने 14000 लड़कियों का ऑडिशन किया था जिसके बाद मुझे वो 2 लड़कियां मिली। एक ही डायलॉग को मुझे हजारों बार सुनना पड़ता है लेकिन मैं तब तक नहीं रुकता जब तक मैं सही कास्टिंग न कर लूं। मेरी जिंदगी अब नार्मल नहीं रही है। पार्टियों या दूसरी जगहों पर भी मुझे लोग नजर आते हैं और मुझे लगता है इन्हे कहां कास्ट करूं।

Created On :  

Tags

Next Story