Kuku Kohli passes away: कुकू कोहली को मुंबई में अंतिम विदाई, अरुणा ईरानी के साथ इन सितारों ने दी श्रद्धांजलि

डिजिटल डेस्क, मुंबई। फिल्ममेकर कुकू कोहली का 26 अगस्त को मुंबई के ओशिवारा श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। उनकी बेटी और फिल्म निर्माता करिश्मा कोहली बेहद टूटी हुई दिखी और खुद को संभालते हुए उन्होंने पापा की अर्थी को कंधा दिया। करिश्मा अपने पिता के पार्थिव शरीर को कंधा देते हुए अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करती नजर आ रही हैं। 25 अगस्त को 77 वर्ष की उम्र में निधन के बाद उन्हें अंतिम विदाई देने फिल्म जगत की कई हस्तियां पहुंचीं।
अंतिम संस्कार में विक्की कौशल, कैटरीना कैफ, रोहित शेट्टी, जावेद अख्तर, शबाना आजमी, राजपाल यादव, टीकू तलसानिया, आशोक पंडित, गजेंद्र चौहान, रजा मुराद, शरवरी और अन्य फिल्मी हस्तियां शामिल हुईं। कुकू कोहली की पत्नी और दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी इस दौरान बेहद भावुक नजर आईं और परिवार के सदस्यों ने उन्हें संभाला।
कई सुपरहिट फिल्में बनाई
कुकू कोहली के निधन ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को गहरा झटका दिया है। उन्हें खास तौर पर 1991 में आई फिल्म ‘फूल और कांटे’ के लिए याद किया जाता है, जिससे उन्होंने अजय देवगन को हिंदी सिनेमा में बतौर अभिनेता लॉन्च किया था। फिल्म की सफलता ने अजय देवगन को मजबूत शुरुआत दी और दोनों की यह पेशेवर साझेदारी आगे भी जारी रही। 1994 में कुकू कोहली ने अजय देवगन और अक्षय कुमार स्टारर ‘सुहाग’ का निर्देशन किया, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल रही। इसके अलावा उन्होंने ‘हकीकत’, ‘कोहराम’, ‘जुल्मी’, ‘अनाड़ी नंबर 1’ और ‘ये दिल आशिकाना’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। उनका आखिरी निर्देशन 2004 में आई फिल्म ‘वो तेरा नाम था’ था।
अजय देवगन ने कहा -आपने मेरी जिंदगी बदल दी
कुकू कोहली के निधन के बाद अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर भावुक श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, कुछ लोग आपकी जिंदगी का रास्ता हमेशा के लिए बदल देते हैं। कुकू जी मेरे लिए ऐसे ही लोगों में से एक थे। आपने मुझ पर जो भरोसा दिखाया, उसके लिए मैं हमेशा आपका शुक्रगुजार रहूंगा। आपकी बहुत याद आएगी, कुकू जी।इसके बाद उन्होंने ॐ शांति लिखा।
राज कपूर के साथ किया काम
कुकू कोहली ने निर्देशन में आने से पहले करीब 11 साल तक दिग्गज फिल्ममेकर राज कपूर के साथ काम किया था। बाद में वह राहुल रवैल के साथ भी जुड़े और ‘बेताब’ जैसी फिल्मों में काम किया। उन्होंने राज कपूर की फिल्मों ‘बॉबी', ‘सत्यम शिवम सुंदरम' और ‘प्रेम रोग' में उनके साथ काम किया और फिल्म बनाने की बारीकियां सीखीं। इसके बाद उन्होंने सनी देओल और अमृता सिंह की फिल्म ‘बेताब' में सेकेंड यूनिट डायरेक्टर के तौर पर काम किया। आगे चलकर उन्होंने बतौर निर्देशक अपनी पहचान बनाई।लंबे अनुभव के बाद उन्होंने ‘फूल और कांटे’ से निर्देशन की शुरुआत की और 1990 के दशक के व्यावसायिक हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई।
अरुणा ईरानी को संभालना मुश्किल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने के बाद कुकू कोहली को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था और एंजियोप्लास्टी की गई थी। उन्हें ब्लॉकेज की समस्या थी, और हाल ही में उनके स्टेंट लगाया गया था। शुरुआत में उनकी स्थिति स्थिर बताई गई, लेकिन बाद में उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया और 25 अगस्त को उनका निधन हो गया। वह पत्नी अरुणा ईरानी और पहली पत्नी रीता कोहली से हुई अपनी दो बेटियों पूजा और करिश्मा के परिवार को पीछे छोड़ गए हैं। उनके अंतिम संस्कार समारोह में पत्नी अरुणा ईरानी बुरी तरह टूट गयी उन्हें वहां मौजूद लोगों ने संभाला।
Created On :   26 Aug 2026 6:55 PM IST








