Celebs on Social Media: कुशा कपिला के एक्स हसबैंड जोरावर सिंह का छलका दर्द, टूटी छह साल की शादी, खुद को बताया लूजर

डिजिटल डेस्क, भोपाल। फेमस सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एक्ट्रेस कुशा कपिला के एक्स हसबैंड जोरावर सिंह लंबे समय बाद सोशल मीडिया पर लौट आए हैं। इस दौरान उन्होंने अपनी जिंदगी के उन मुश्किल दौरों के बारे में खुलकर बात की, जिनमें उन्होंने अपनी शादी, कॉरपोरेट नौकरी और घर तक खो दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि इन सबका उनके आत्मविश्वास और खुद को देखने के नजरिए पर कितना असर पड़ा। उन्होंने एक वीडियो शेय़र किया है जिसमें उन्होंने खुल कर बात की है।
यह भी पढ़े -छोटे कारोबार और स्वतंत्र कारीगरों को पहचान दिला रहीं श्वेता त्रिपाठी, मुफ्त में कर रहीं क्रिएटिव कोलैबोरेशन
क्या बोले जोरावर सिंह?
जोरावर ने अपने वीडियो के साथ 'हेलो लूजर' कैप्शन लिखा। वीडियो में उन्होंने बताया कि वह कुछ समय से सोशल मीडिया से दूर थे। इसकी वजह उनकी मानसिक सेहत थी, क्योंकि वह अच्छा महसूस नहीं कर रहे थे। इस दौरान वह कुछ बिजनेस के अवसरों पर भी काम कर रहे थे, जिनमें कैमरे के सामने आने की जरूरत नहीं थी। इसलिए उन्होंने लो प्रोफाइल रहना ही बेहतर समझा।
उन्होंने कहा, 'मैं मानता हूं कि मैं एक लूजर हूं। पिछले कुछ वर्षों में मैंने वह सब कुछ खो दिया, जो मेरे लिए बेहद मायने रखता था। मैंने अपनी शादी को संभालने की क्षमता खो दी, अपनी कॉरपोरेट नौकरी खो दी और वह घर भी खो दिया, जिसे मैंने अपने लिए बनाया था।' उन्होंने आगे बताया कि इन सबके साथ उन्होंने अपनी इज्जत, आत्मविश्वास और खुद के बारे में अच्छा महसूस करने की क्षमता भी खो दी। वह लगातार अपनी तुलना दूसरों से करते रहे, जिसका असर उनकी जिंदगी पर पड़ा। इस दौरान उन्हें लगा कि उन्होंने अपना पुराना व्यक्तित्व भी खो दिया है।
रॉक बॉटम पर पहुंचने के बाद भी नहीं मानी हार
उन्होंने कहा, 'छह बार गिरो तो सातवीं बार उठो।' जोरावर ने अपने मुश्किल दौर को याद करते हुए कहा, 'जब मैं रॉक बॉटम पर पहुंचा, तो मैंने रॉक बॉटम को भी खो दिया।' उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्होंने अपनी सेहत पर ध्यान दिया और वजन भी कम किया। अब वह खुद को लूजर महसूस करने वाली भावना से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'आज मैं इसे स्वीकार कर रहा हूं। मैं एक लूजर हूं, जिसने सब कुछ खो दिया। लेकिन इसके बावजूद मैं खुद पर भरोसा रखूंगा और लगातार कोशिश करता रहूंगा।'
बादशाह ने बढ़ाया हौसला
जोरावर के इस वीडियो पर कई सेलेब्स और दोस्तों ने कमेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। रैपर और सिंगर बादशाह ने भी उनके लिए एक लंबा मैसेज लिखा। उन्होंने कहा कि भगवान की नेमतों को संभालने के लिए पहले इंसान के कंधों को मुश्किलों का बोझ उठाने के काबिल बनाया जाता है। बादशाह ने जोरावर को भरोसा दिलाया कि यह मुश्किल वक्त भी उन्हें मजबूत बनाएगा और एक दिन वह हीरे की तरह चमकेंगे। इसके अलावा एक्ट्रेस आयशा खान, कुशाल टंडन और नौहीद सायरसी समेत कई लोगों ने भी उनके वीडियो पर कमेंट कर उनका समर्थन किया।
2017 में हुई थी कुशा कपिला से शादी
बता दें कि जोरावर ने एक्ट्रेस और कंटेंट क्रिएटर कुशा कपिला से साल 2017 में शादी की थी। दोनों ने कई साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद शादी की थी। हालांकि, जून 2023 में दोनों ने सोशल मीडिया पर एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर आपसी सहमति से अलग होने का ऐलान किया था।
Created On :  

