काला हिरण शिकार मामला: सलमान खान को 5 साल की सजा, जेल भेजे गए

काला हिरण शिकार मामला: सलमान खान को 5 साल की सजा, जेल भेजे गए

 

 

डिजिटल डेस्क, जोधुपर। 20 साल पुराने काले हिरण शिकार मामले में सलमान खान को दोषी करार दे दिया गया है. उन्हें कोर्ट ने 5 साल की सजा सुनाई है। यानी ये साफ हो गया है कि उन्हें अब जेल जाना होगा। जोधपुर कोर्ट ने मामले पर सुनवाई करते हुए सलमान को दोषी माना। सलमान के अलावा इस मामले में आरोपी बाकी सभी आरोपियों को बरी कर दिया गया। सलमान के अलावा मामले में सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली ब्रेंदे और नीलम आरोपी थे। शाम को उन्हें जोधपुर जेल भेज दिया गया.

 

3 साल तक की जेल पर तुरंत जमानत

 

अगर सलमान खान को 3 साल की जेल होती तो उन्हें उसी वक्त जमानत मिल जाती, लेकिन 5 साल की सजा होने की सूरत में अब उन्हें जेल जाना होगा।

बता दें सलमान खान पर चार केस दर्ज हैं। आइए जानते हैं कि वो चारों मामले क्या है और उनकी सजा क्या है?

 

Black BUCK Case: salman khan के लिए इमेज परिणाम

 

 

कांकाणी गांव केस

एक्टर सलमान खान, सैफ अली खान, अभिनेत्री नीलम, सोनाली और तब्बु पर इसी मामले में कोर्ट अपना फैसला सुनाया। वन अधिकारी ललित बोड़ा ने इस मामले में जोधपुर के लूणी पुलिस थाने में 15 अक्टूबर, 1998 को सलमान खान के खिलाफ FIR दर्ज करवाई थी। पुलिस के जरिए दर्ज FIR के मुताबिक, सलमान खान ने 1-2 अक्टूबर, 1998 की दरमियानी रात कांकाणी गांव की सरहद पर दो काले हिरणों का शिकार किया था।


 

घोड़ा फार्म हाउस केस

इस केस में 10 अप्रैल 2006 को सीजेएम कोर्ट ने 5 साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद सलमान खान हाईकोर्ट चले गए थे। 25 जुलाई 2016 को हाईकोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया था, लेकिन राजस्थान सरकार ने इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की है।

 

भवाद गांव केस

इस केस में सीजेएम कोर्ट ने 17 फरवरी 2006 को सलमान खान को दोषी करार देते हुए एक साल की सजा सुनाई थी, लेकिन हाईकोर्ट ने इस मामले में सलमान को बरी कर दिया। इस फैसले के खिलाफ भी राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की है।

 

आर्म्स केस

जोधपुर में 22 सितंबर, 1998 को सलमान खान के कमरे से पुलिस ने एक रिवॉल्वर और राइफल बरामद की थी। शिकार में इस्तेमाल हथियार की वजह से सलमान खान के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से केस दर्ज किया गया था। 18 जनवरी 2017 को लोअर कोर्ट ने सलमान को बरी कर दिया था। इसके खिलाफ भी हाईकोर्ट में अपील की गई है।

 

शूटिंग के दौरान शिकार

बताते चलें कि 1998 में जोधपुर में अपनी फिल्म "हम साथ-साथ हैं" की शूटिंग के दौरान सलमान खान पर काले हिरण का शिकार करने के आरोप लगे थे। इस केस में उनको गिरफ्तार भी किया गया था। सलमान खान को पांच दिनों तक जेल में रहना पड़ा था। 22 सितंबर, 1998 को उनके कमरे से पुलिस ने एक रिवॉल्वर और राइफल बरामद की थी।

 

कैसे किया था काले हिरण का शिकार?

बता दें कि, सलमान खान, सैफ अली खान, तब्बू, नीलम, सोनाली और जोधपुर निवासी दुष्यंत सिंह पर आरोप है कि उन्होंने 1 और 2 अक्टूबर 1998 को जोधपुर में देर रात लूणी थाना इलाके के कांकाणी गांव में दो काले हिरणों का शिकार किया था। मामले में पेश किए गए गवाहों ने कोर्ट को बताया था कि सलमान खान ने हिरणों का शिकार किया तो उस समय ये सभी आरोपित जिप्सी गाड़ी में सवार थे। गवाह के अनुसार, जिप्सी में मौजूद सभी सितारों ने सलमान को शिकार करने के लिए उकसाया था जिसके बाद गोली की आवाज सुन कर सभी गाव वालें वहां जुट गए थे। गांव वालों के आने के बाद सलमान वहां से गाड़ी ले कर भाग गए थे और दोनों हिरण वहीं पड़े रहे थे।

Created On :   5 April 2018 3:57 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story