Bday Spcl: धक-धक गर्ल माधुरी का 51वां बर्थडे, दिलकश अदाओं से बनाया दीवाना

Bday Spcl: धक-धक गर्ल माधुरी का 51वां बर्थडे, दिलकश अदाओं से बनाया दीवाना

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड की धक-धक गर्ल के नाम से मशहूर माधुरी दीक्षित आज (15 मई ) अपना 51वां जन्मदिन मना रही हैं। माधुरी ने अपने दमदार अभिनय के साथ ही बेहतरीन डांस से सबके दिल में अपनी एक खास जगह बनाई है। माधुरी दीक्षित के डांस के फैन्स भारत सहित दूसरे देशों में भी हैं। माधुरी ने अपने फिल्मी करियर में कई दमदार और सुपरहिट फिल्में दी हैं। 

 


अबोध फिल्म से की करियर की शुरुआत

बॉलीवुड में “अबोध” फिल्म से अपने करियर की शुरुआत करने वाली माधुरी दीक्षित का नाम एक ऐसी अभिनेत्री के रूप में लिया जाता है जिन्होंने अपनी दिलकश अदाओं, और शानदार अभिनय से सबका दिल जीता है। इंडस्ट्री के लगभग सभी बेहतरीन सितारों के साथ माधुरी ने काम किया है और करीब तीन दशकों से फिल्म इंडस्ट्री में काम करती आ रही हैं। इतना ही नहीं शादी से पहले बॉलीवुड के कई एक्टर्स के साथ माधुरी का नाम जोड़ा गया। जिनमें संजय दत्त, अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ के नाम भी शामिल हैं। 

 

 

मुंबई में हुआ था जन्म

माधुरी दीक्षित का जन्म 15 मई 1967 को मुंबई में एक मध्यमवर्गीय मराठी ब्राम्हण परिवार में हुआ था। जिसके बाद उनकी पढ़ाई मुंबई में ही हुई। माधुरी ने मुंबई विश्वविद्यालय के “माइक्रोबॉयोलॅाजिस्ट” विभाग में दाखिला लिया था। इसी दौरान उन्होंने कथक की भी शिक्षा हासिल की थी।

 

 

1984- 1988 तक फिल्म इंडस्ट्री में संघर्ष

माधुरी दीक्षित ने जब फिल्मी दुनिया में कदम रखा तो उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा, लेकिन माधुरी ने किसी भी फिल्म को नहीं नकारा और इसी खासियत ने उन्हें शिखर की हिरोइनों में लाकर खड़ा किया। हालांकि स्वाति, आवारा बाप, जमीन, मोहरे, हिफाजत और उत्तर दक्षिण जैसी कई फिल्मों में माधुरी ने अभिनय किया, लेकिन इनमें से कोई भी फिल्म सफलता हासिल नहीं कर पाई।

 

 

तेजाब से हुईं मशहूर

1988 में माधुरी को विनोद खन्ना के अपोजिट फिल्म ‘दयावान’ में काम करने का मौका मिला, लेकिन यहां पर भी किस्मत ने कुछ खास साथ नहीं दिया। माधुरी की किस्मत का सितारा 1988 में अनिल कपूर के साथ फिल्म “तेजाब “से चमका। जिसमें उनके एक-दो-तीन गाने ने धूम मचा दी थी। इससे साबित हो गया था कि माधुरी एक बेहतरीन डांसर हैं। इसके बाद माधुरी को सरोज खान का साथ मिला। जिनके नृत्य निर्देशन की बदौलत माधुरी डांस के माध्यम से दर्शकों के दिलों में राज करने लगीं।  तेजाब में माधुरी के मोहिनी वाले किरदार को खूब पसंद किया गया। इसके बाद से हर कोई माधुरी को मोहिनी के नाम से जानने लगा था।

 

 

दिल के लिए मिला पहला फिल्मफेयर

माधुरी ने अनिल कपूर के साथ पुकार, जीवन एक संघर्ष, जमाई राजा, हिफाजत, परिंदा, किशन-कन्हैया, खेल, बेटा, धारावी जैसी कई फिल्में की हैं। जिनमें माधुरी का काम अनिल कपूर के साथ सराहा गया। 1990 में माधुरी दीक्षित के सिने करियर की एक और फिल्म “दिल” प्रदर्शित हुई। जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। फिल्म सुपरहिट साबित हुई साथ ही फिल्म में दमदार अभिनय के लिए माधुरी दीक्षित को उनके करियर का पहला फिल्म फेयर आवॉर्ड भी मिला। 

 

 

1991 में ही उनकी 100 डेज, साजन, प्रहार जैसी कई फिल्में प्रदर्शित हुईं। जिनकी सफलता ने माधुरी को शोहरत की बुंलदियों पर पहुंचा दिया। 1992 में माधुरी दीक्षित की एक और अहम फिल्म फिल्म “बेटा” प्रदर्शित हुई। 1994 में राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म “हम आपके हैं कौन” माधुरी की सबसे सुपरहिट फिल्मों में शुमार है। जिसमें फिल्माया गीत “दीदी तेरा देवर दीवाना” क्रेज बन गया। 

 


 

इनके साथ जुड़ा माधुरी का नाम-

माधुरी ने संजय दत्त के साथ कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। दोनों ने साजन और खलनायक जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं। पर्दे पर दोनों की जोड़ी को फैंस खूब पसंद करते थे। आज भी लोग उनकी जोड़ी को लोग बड़े पर्दे पर देखना चाहते हैं। कहा जाता है दोनों शादी तक करना चाहते थे, लेकिन संजय के जेल जाने के बाद माधुरी ने उनसे दूरी बना ली। 

 

 

माधुरी और अनिल कपूर ने भी एक साथ कई बेहतरीन फिल्में की हैं। 90 के दशक में दोनों की जोड़ी को काफी पसंद किया जाता था। इस जोड़ी ने राम-लखन और परिंदा जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं। दोनों के अफेयर भी जमकर सुर्खियों में रहे, लेकिन दोनों ने कभी इस बात पर कोई मुहर नहीं लगाई।

 

 

सलमान के साथ भी माधुरी ने बेहतरीन फिल्में दीं हैं।  फिल्म "हम आपके हैं कौन" के रिलीज होने के बाद दोनों के करीब आने की बातें सामने आईं थी। बता दें इस फिल्म के लिए माधुरी को सलमान खान से ज्यादा फीस मिली थी। माधुरी को 2.75 करोड़ रुपए फीस मिली थी।

 

 

जैकी श्रॉफ के साथ भी माधुरी का नाम जोड़ा गया था। दोनों को लेकर कहा जाने लगा था कि वे शादी कर सकते हैं। दोनों को कई अवॉर्ड फंक्शन में भी साथ देखा गया था। 

 

 

17 अक्टूबर 1999 को माधुरी ने डॉ. श्रीराम माधव नेने से शादी कर ली। माधुरी के दो बच्चे भी हैं। माधुरी इकलौती ऐसी अभिनेत्री हैं जिन्हें 14 बार फिल्मफेयर अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया जा चुका है। इसके अलावा उन्हें भारत सरकार की तरफ से पद्मश्री से भी सम्मानित किया जा चुका है।

 

 

माधुरी के करियर की पहली मराठी फिल्म

माधुरी जल्द ही मराठी फिल्म बकेट लिस्ट में नजर आने वाली हैं। फिल्म "बकेट लिस्ट" का ट्रेलर लॉन्च हो चुका है। ये माधुरी की पहली मराठी फिल्म हैं। बकेट लिस्ट की रिलीज के लिए तैयार माधुरी ने कहा कि इस भाषा में काम करना लंबे समय से उनकी विश लिस्ट में था। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में तीन दशकों के अनुभव के बाद उन्होंने मराठी फिल्म की दुनिया में शुरुआत की है।

 

 

करण जौहर और अपूर्व मेहता की ये फिल्म 25 मई को रिलीज होगी।

Created On :   15 May 2018 3:18 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story